आजमगढ़: एसडीएम चेंबर में जाम छलकाने के वीडियो वायरल मामले में संविदाकर्मी की सेवा समाप्त

Youth India Times
By -
0





सरकारी दफ्तरों में अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं : राहुल विश्वकर्मा, एडीएम प्रशासन

आजमगढ़। तहसील परिसर स्थित मार्टीनगंज एसडीएम चेंबर में जाम छलकाने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए मार्टीनगंज तहसील में तैनात संविदाकर्मी अंकित सिंह की सेवा तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दी गई है। वायरल वीडियो कथित रूप से एसडीएम के चेंबर के भीतर का बताया जा रहा है। वीडियो में मेज पर एक शराब की बोतल, तीन पानी की बोतलें, एक नमकीन का पैकेट और तीन गिलास रखे दिखाई दे रहे हैं। साथ ही एक व्यक्ति दूसरे से सिगरेट लेते हुए भी नजर आ रहा है। सरकारी कार्यालय के भीतर इस तरह की गतिविधि सामने आने से प्रशासनिक महकमे में हड़कंप की स्थिति बन गई है और प्रशासन की छवि पर भी सवाल खड़े हुए हैं। मामले को लेकर एडीएम प्रशासन राहुल विश्वकर्मा ने बताया कि मार्टीनगंज तहसील में तैनात संविदाकर्मी अंकित सिंह का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। वीडियो का संज्ञान लेते हुए प्रारंभिक जांच कराई गई, जिसके बाद संबंधित संविदाकर्मी की सेवा समाप्त कर दी गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकारी कार्यालयों में अनुशासनहीनता, अमर्यादित आचरण और नियमों के उल्लंघन को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रशासन ने संकेत दिया है कि भविष्य में भी ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)