8 वर्षीय बच्ची की निर्मम हत्या का आरोपी पुलिस मुठभेड़ में ढेर

Youth India Times
By -
0





आटे के ड्रम में छिपाई थी लाश, मुठभेड़ में दरोगा घायल, 25 हजार का इनामी था आरोपी सुनील
आगरा। शहर में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां जूता कारखाना संचालक की 8 वर्षीय बेटी की बेरहमी से हत्या कर दी गई। इस सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा होने के बाद पुलिस ने आरोपी को मुठभेड़ में मार गिराया। जानकारी के अनुसार, थाना ताजगंज क्षेत्र से 24 मार्च को बच्ची के लापता होने की सूचना मिली थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल मुकदमा दर्ज कर पुलिस की कई टीमों को उसकी तलाश में लगाया गया। अगले ही दिन 25 मार्च को बच्ची का शव उसी मकान में किराए पर रह रहे सुनील के कमरे से आटे के ड्रम में बरामद हुआ। आरोपी ने हत्या के बाद कमरे में फैले खून को पानी से धोकर सबूत मिटाने की कोशिश भी की थी। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए 12 टीमें गठित कीं और उस पर 25,000 रुपये का इनाम घोषित किया गया। 27 मार्च की रात मुखबिर की सूचना पर थाना बमरौली कटारा क्षेत्र में पुलिस ने घेराबंदी की। खुद को घिरता देख आरोपी सुनील ने पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी, जिसमें एक दरोगा गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए फायरिंग की, जिसमें आरोपी सुनील घायल हो गया। उसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से बिना नंबर की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, 315 बोर का तमंचा, छह खोखा और तीन कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस उपायुक्त नगर सैय्यद अली अब्बास ने पुलिस टीम की तत्परता और बहादुरी की सराहना की है। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)