आजमगढ़ में फर्जी पासपोर्ट रैकेट पर पुलिस का शिकंजा, 6 महीनों में 12 मुकदमे दर्ज

Youth India Times
By -
0




5 आरोपी गिरफ्तार, कूटरचित दस्तावेजों से पासपोर्ट बनवाकर विदेश भेजने वाले नेटवर्क पर कार्रवाई तेज

आजमगढ़। जनपद में फर्जी पासपोर्ट और कूटरचित दस्तावेजों के जरिए अवैध तरीके से विदेश भेजने वाले नेटवर्क पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए गए विशेष अभियान के तहत पिछले छह महीनों में अलग-अलग थानों पर कुल 12 मुकदमे दर्ज किए गए हैं। पुलिस जांच में अब तक 12 अभियुक्तों की संलिप्तता सामने आई है, जिनमें से 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई की जा चुकी है। शेष वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी फर्जी दस्तावेज तैयार कर नाम, पता और पहचान से जुड़ी जानकारी में बदलाव करते थे। इन कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर पासपोर्ट बनवाकर विदेश यात्रा और अन्य लाभ हासिल किए जाते थे। पुलिस के अनुसार, इस संबंध में रौनापार, रानी की सराय, गंभीरपुर, निजामाबाद, अहरौला, सरायमीर, महराजगंज, फूलपुर और दीदारगंज समेत विभिन्न थानों में मुकदमे दर्ज किए गए हैं। गिरफ्तार आरोपियों में अब्दुल्लाह, मो. अबूशाद, रिजवान अहमद, प्रमोद कुमार गौर और जितेन्दर शामिल हैं। सभी के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने बताया कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं और जल्द ही पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा। साथ ही आमजन से अपील की गई है कि इस तरह की किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)