आजमगढ़ पुलिस का बड़ा एक्शन: 110 करोड़ के अंतरराष्ट्रीय साइबर ठगी गिरोह पर गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई

Youth India Times
By -
0

 






PM किसान योजना के फर्जी APK ऐप से ठगी करने वाले 17 आरोपी चिह्नित, करोड़ों की ठगी का खुलासा
आजमगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत आजमगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। अंतरराज्यीय साइबर ठगी गिरोह के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए 17 आरोपियों पर उत्तर प्रदेश गिरोहबंद एवं समाज विरोधी गतिविधि (गैंगस्टर) अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। यह गिरोह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सक्रिय था और करीब 110 करोड़ रुपये की साइबर ठगी को अंजाम दे चुका है। जांच में सामने आया कि गिरोह के तार चीन, दुबई समेत अन्य देशों में बैठे हैंडलरों से जुड़े हैं। पुलिस के अनुसार, ठग “PM KISAN YOJANA (.APK)” नाम से फर्जी ऐप या लिंक भेजकर लोगों के मोबाइल हैक कर लेते थे। इसके बाद बैंक खातों से अवैध रूप से धन निकाल लिया जाता था। मामले की शुरुआत 18 नवंबर 2025 को हुई, जब गंभीरपुर क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति के व्हाट्सएप पर APK लिंक भेजकर उसके खाते से करीब 7.77 लाख रुपये की ठगी की गई। शिकायत के आधार पर साइबर क्राइम थाना आजमगढ़ में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू की गई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 30 नवंबर और 8 दिसंबर 2025 को कुल 17 आरोपियों को गिरफ्तार किया था। उनके पास से 26 मोबाइल फोन, 15 सिम कार्ड, 14 एटीएम कार्ड, 26,500 रुपये नकद, दो कारें और भारी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए गए। साथ ही आरोपियों के बैंक खातों में लगभग 17.50 लाख रुपये फ्रीज कराए गए। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक की संस्तुति पर जिलाधिकारी द्वारा गैंगचार्ट अनुमोदित किए जाने के बाद 16 मार्च 2026 को सभी आरोपियों के विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी अनजान नंबर या व्यक्ति द्वारा भेजे गए APK फाइल या संदिग्ध लिंक को डाउनलोड या इंस्टॉल न करें। इससे मोबाइल हैक होकर बैंकिंग और निजी जानकारी चोरी हो सकती है। साइबर ठगी से बचने के लिए सतर्क रहना बेहद जरूरी है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)