प्रेम प्रसंग में बाधा बनी भाभी की देवर ने चाकू से गला रेतकर की हत्या

Youth India Times
By -
0



ननिहाल आई महिला की दिनदहाड़े हत्या, आरोपी मौके से गिरफ्तार

खुटहन (जौनपुर)। गुजरात के सूरत से एक सप्ताह पूर्व पति के साथ अपने ननिहाल ख्वाजापुर गांव आई एक महिला की गुरुवार को उसके चचेरे देवर ने चाकू से गला रेतकर निर्मम हत्या कर दी। घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को चाकू समेत गिरफ्तार कर लिया। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतका की पहचान सुल्तानपुर जिले के करौंदी थाना क्षेत्र के उधरनपुर गांव निवासी निशा मौर्या के रूप में हुई है। निशा अपने पति पवन मौर्या, चचेरे देवर आदित्य पुत्र रामबचन मौर्या और पांच वर्षीय बेटी श्रेया के साथ सूरत में रहकर नौकरी करती थी। गत 21 जनवरी को सभी लोग सूरत से निशा के मायके कानपुर आए थे। इसके बाद 28 जनवरी को वे पवन मौर्या के ननिहाल ख्वाजापुर गांव पहुंचे थे। गुरुवार की दोपहर निशा घर के बाहर छप्पर में बैठी थी, तभी अचानक चचेरा देवर आदित्य चाकू लेकर पहुंचा और उसका गला रेत दिया। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, तब तक निशा का आधा गला कट चुका था और जमीन पर खून फैला हुआ था। ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस को सूचना दी। थानाध्यक्ष रामाश्रय राय ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हत्या का कारण प्रेम प्रसंग सामने आया है। आरोपी आदित्य का रिश्तेदारी की एक युवती से प्रेम संबंध था, जो मुंबई में रहती है। दोनों के बीच फोन पर बातचीत होती थी। इसकी जानकारी निशा को हुई तो उसने यह बात घरवालों को बता दी थी। इसी बात से नाराज होकर आदित्य ने भाभी की हत्या कर दी।पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)