90 से अधिक मुकदमों का था आरोपी, 9 एमएम पिस्टल बरामद
शामली। झिंझाना से कसेरवा जाने वाले मार्ग पर बृहस्पतिवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान दिल्ली के ओखला निवासी 50 हजार रुपये के इनामी बदमाश रिहान को पुलिस ने ढेर कर दिया, जबकि उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। बदमाशों की फायरिंग में शामली कोतवाली में तैनात सिपाही सुमित बैसला गोली लगने से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एसपी एनपी सिंह ने बताया कि देर रात सूचना मिली थी कि झिंझाना-कसेरवा मार्ग पर बाइक सवार दो बदमाश लूट की फिराक में खड़े हैं। सूचना पर कोतवाली पुलिस और एसओजी टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। इसी दौरान सिपाही सुमित बैसला घायल हो गया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश रिहान गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। मौके से एक 9 एमएम पिस्टल और बाइक बरामद की गई है। एसपी ने बताया कि रिहान के खिलाफ शामली, बागपत, गाजियाबाद, दिल्ली और हरियाणा में लूट व अन्य संगीन धाराओं में 90 से अधिक मुकदमे दर्ज थे। उसके आपराधिक इतिहास की विस्तृत जांच की जा रही है। एसपी के अनुसार, बृहस्पतिवार की शाम रिहान और उसके साथी ने फतेहपुर निवासी राहुल और उसके दोस्त से पिस्टल के बल पर नगदी, मोबाइल फोन और अंगूठी लूट ली थी। इस मामले में बाबरी थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। पुलिस ने बदमाशों के पास से लूटा गया मोबाइल, अंगूठी और अन्य सामान भी बरामद कर लिया है। पुलिस ने बताया कि दिसंबर माह में भी रिहान ने झिंझाना क्षेत्र में एक दंपती से लूट की वारदात को अंजाम दिया था, जिसके बाद उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। रिहान पिछले दस वर्षों से अपने गिरोह की कमान संभाल रहा था और कुख्यात याहिया गैंग के संपर्क में रहकर शामली व आसपास के इलाकों में लूट और स्नैचिंग की घटनाओं को अंजाम दे रहा था।




