हेलीकॉप्टर से गांव पहुंची दुल्हन, देखने उमड़ी ग्रामीणों की भारी भीड़

Youth India Times
By -
0



इंजीनियर अमित चौहान की शादी बनी गांव के लिए यादगार, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, प्रशासन रहा सतर्क
बदायूं। बिल्सी तहसील क्षेत्र के सुंदरनगर गांव में बृहस्पतिवार को उस समय कौतूहल और उत्साह का माहौल बन गया, जब ग्रेटर नोएडा से दुल्हन को लेकर दूल्हा हेलीकॉप्टर से गांव पहुंचा। हेलीकॉप्टर के गांव के हेलीपैड पर उतरते ही ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर जमा हो गई। हर कोई पहली बार हेलीकॉप्टर से आई दुल्हन को देखने के लिए उत्सुक नजर आया। सुंदरनगर गांव निवासी धर्मवीर चौहान के पुत्र अमित चौहान पेशे से इंजीनियर हैं। परिवार की लंबे समय से इच्छा थी कि अमित की शादी कुछ अलग और खास हो। इसी सोच के साथ बरात बुधवार को गांव से ग्रेटर नोएडा गई थी। विवाह संपन्न होने के बाद बृहस्पतिवार दोपहर करीब 12 बजे दूल्हा-दुल्हन हेलीकॉप्टर से सीधे गांव पहुंचे। हेलीकॉप्टर से उतरते ही ग्रामीणों ने फूलों की वर्षा कर नवविवाहित जोड़े का गर्मजोशी से स्वागत किया। हेलीकॉप्टर आगमन को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। हेलीपैड के आसपास बैरिकेडिंग कराई गई थी और पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा, ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो। ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने पहली बार किसी दुल्हन को हेलीकॉप्टर से गांव आते देखा है। अमित चौहान अपने चार भाई-बहनों में सबसे छोटे हैं और उनके विवाह की यह अनोखी शुरूआत लंबे समय तक गांववासियों के बीच चर्चा का विषय बनी रहेगी।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)