आजमगढ़ : दबंग शिक्षक को धमकी पड़ी भारी, कारण बताओ नोटिस जारी

Youth India Times
By -
0



खंड विकास अधिकारी ने शिक्षक से मांगा स्पष्टीकरण, कार्रवाई की चेतावनी
आजमगढ़। 21 जनवरी, बुधवार को प्राथमिक विद्यालय हथिया में उस समय हंगामे की स्थिति उत्पन्न हो गई, जब विद्यालय में देरी से पहुंचने वाले शिक्षकों के संबंध में जानकारी संकलन के लिए पहुंचे एक व्यक्ति के साथ एक शिक्षक द्वारा अभद्र व्यवहार और धमकी दिए जाने का मामला सामने आया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्राथमिक विद्यालय हथिया में एक शिक्षिका को छोड़कर प्रधानाध्यापिका सहित अन्य सहयोगी देरी से विद्यालय पहुंचे थे। इसी संबंध में जानकारी लेने के दौरान प्रधानाध्यापिका के कक्ष में मौजूद एक व्यक्ति से विद्यालय में तैनात शिक्षक तरुणेश सिंह उर्फ रिंकू सिंह द्वारा अभद्र व्यवहार किया गया। आरोप है कि शिक्षक ने न केवल अपशब्दों का प्रयोग किया बल्कि स्वयं को प्रभावशाली बताते हुए धमकी भी दी।
शिक्षक तरुणेश सिंह उर्फ रिंकू सिंह
 बताया गया कि जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी से मोबाइल पर बात कराए जाने के बाद भी शिक्षक का व्यवहार उग्र बना रहा। घटना की जानकारी दिए जाने और समाचार प्रकाशित होने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया। घटना को गंभीरता से लेते हुए खंड विकास अधिकारी पल्हनी दिनेश कुमार वर्मा द्वारा शिक्षक तरुणेश सिंह उर्फ रिंकू सिंह को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। नोटिस में पत्रकार से अभद्रता, धमकाने, अमर्यादित भाषा के प्रयोग और कर्मचारी आचरण नियमावली तथा शिक्षक की गरिमा के प्रतिकूल आचरण का उल्लेख किया गया है। खंड विकास अधिकारी ने निर्धारित समय सीमा के भीतर संतोषजनक स्पष्टीकरण न दिए जाने की स्थिति में अनुशासनात्मक कार्रवाई की चेतावनी दी है। अब देखना यह होगा कि अधिकारी से बातचीत के बाद भी अभद्र व्यवहार करने वाले शिक्षक क्या स्पष्टीकरण देते हैं और विभाग इस मामले में केवल नोटिस जारी कर अपनी जिम्मेदारी पूरी करता है या आगे कोई ठोस कार्रवाई की जाती है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)