पिता को निःसंतान घोषित कर जमीन अपने नाम कराने का आरोप
जान से मारने की धमकी देने का भी दर्ज है मुकदमा
आजमगढ़। जनपद के थाना बरदह पुलिस ने कूटरचना व धोखाधड़ी के जरिए फर्जी तरीके से जमीन का बैनामा कराने के मामले में वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ के निर्देश पर की गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम सद्दोपट्टी निवासी रिंकू उर्फ रिंकी यादव पुत्री स्वर्गीय लक्षिराम यादव ने 07 दिसंबर 2025 को प्रार्थना-पत्र देकर आरोप लगाया था कि उनके पिता की मृत्यु के बाद विपक्षीगणों ने साजिश के तहत फर्जी वसीयत तैयार कर उनके पिता को निःसंतान घोषित कर दिया और उनकी जमीन अपने नाम करा ली। जब पीड़िता ने इस संबंध में जानकारी चाही तो आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी। इस मामले में थाना बरदह पर मु0अ0सं0 386/25 धारा 419, 420, 467, 468, 471 एवं 506 भादवि के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया था। पुलिस द्वारा की गई विवेचना के क्रम में दिनांक 05 फरवरी 2026 को उपनिरीक्षक राजेन्द्र प्रसाद पटेल ने हमराहियों के साथ अभियुक्त पतिराम यादव पुत्र स्वर्गीय कुद्दन उर्फ रामनाथ, निवासी ग्राम बौवापार, थाना बरदह, जनपद आजमगढ़ को उसके घर से सुबह करीब 11:30 बजे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध उपरोक्त मुकदमे में विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक राजेन्द्र प्रसाद पटेल एवं हेड कांस्टेबल नागेन्द्र कुमार पटेल शामिल रहे।




