आजमगढ़ : 25 लाख घूस मांगने के आरोपी डीआईओएस का हुआ तबादला

Youth India Times
By -
0



अजय कुमार को मिली आजमगढ़ डीआईओएस की जिम्मेदारी
लखनऊ। उत्तर प्रदेश शासन के माध्यमिक शिक्षा अनुभाग-6 द्वारा समूह-क श्रेणी के अधिकारियों के तबादले को लेकर आदेश जारी किया गया है। जारी आदेश के तहत उ०प्र० शैक्षिक (सामान्य शिक्षा संवर्ग) सेवा के दो अधिकारियों को नवीन तैनाती प्रदान की गई है। शासनादेश के अनुसार वर्तमान में जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस), आजमगढ़ के पद पर तैनात उपेन्द्र कुमार को सहायक शिक्षा निदेशक (भवन), मुख्यालय प्रयागराज के पद पर स्थानांतरित किया गया है। वहीं नवप्रोन्नत अधिकारी अजय कुमार, जो अब तक जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, श्रावस्ती के पद पर कार्यरत थे, को जिला विद्यालय निरीक्षक, आजमगढ़ के पद पर तैनाती दी गई है। शासन ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सभी संबंधित अधिकारी बिना किसी प्रकार का अवकाश लिए, प्रतिस्थानी की प्रतीक्षा किए बिना तत्काल अपने नवीन तैनाती स्थल पर कार्यभार ग्रहण करेंगे। इसके साथ ही शिक्षा निदेशक (माध्यमिक/बेसिक), एससीईआरटी एवं संबंधित नियंत्रक अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं कि अधिकारियों को समय से कार्यमुक्त किया जाए। आदेशों में यह भी कहा गया है कि किसी भी स्तर पर विलंब या आदेश की अवहेलना को अनुशासनहीनता माना जाएगा, जिसके लिए संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। गौरतलब है कि स्थानांतरित किए गए जिला विद्यालय निरीक्षक उपेन्द्र कुमार पर वेतन भुगतान के एवज में लगभग 25 लाख रुपये की घूस लेने का गंभीर आरोप भी लग चुका है, जिसे लेकर विभागीय स्तर पर पहले से ही चर्चाएं चल रही थीं।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)