शत प्रतिशत नोटिस का वितरण न करने पर की कार्रवाई
आजमगढ़। जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी रविन्द्र कुमार ने भारत निर्वाचन आयोग द्वारा अर्हता दिनांक-01.01.2026 के आधार पर विशेष गहन पुनरीक्षण- 2026 हेतु घोषित कार्यक्रम के अनुसार विधान सभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष अभियान के तहत आज विधान सभा सगड़ी के प्राथमिक विद्यालय कस्बा सगड़ी के बूथ संख्या 308, 309 एवं 310 तथा उच्च प्राथमिक विद्यालय, जीयनपुर के बूथ संख्या 319, 320 एवं 321 का भ्रमण किया। भ्रमण के दौरान जिलाधिकारी ने बीएलओ से 06 जनवरी को ड्राफ्ट प्रकाशन के बाद अब तक कितने फार्म 6, 7 एवं 8 जमा किए गए, इसके संबंध में जानकारी लिया। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि बूथ संख्या 310 के बीएलओ जीयूत राम द्वारा कुछ नोटिसो का वितरण नहीं किया गया है, जिस पर जिलाधिकारी ने निर्धारित समय से शत प्रतिशत नोटिस का वितरण न करने पर बूथ संख्या 310 के बीएलओ जीयूत राम को निलंबित करने का निर्देश संबंधित अधिकारी को दिया। जिलाधिकारी ने सुपरवाइजर एवं बीएलओ को निर्देश दिया कि शत प्रतिशत नोटिस का वितरण कराना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि जिसके नाम से नोटिस आई है, यदि वह व्यक्ति न मिले तो तामिला कराते हुए उनके परिवार के किसी सदस्य को नोटिस उपलब्ध करायें। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके अधिक से अधिक युवाओं का फॉर्म 6 भरवाना सुनिश्चित करें। उच्च प्राथमिक विद्यालय जीयनपुर के बूथ संख्या 319, 320 व 321 के भ्रमण के दौरान पाया गया कि तीनों बूथ के बीएलओ द्वारा शत प्रतिशत नोटिस का वितरण किया जा चुका है। इसके साथ ही जिलाधिकारी ने बीएलओ से बुक ए कॉल विद बीएलओ के संबंध में जानकारी लिया। इस अवसर पर तहसीलदार सगड़ी शिवप्रकाश सरोज सहित अन्य संबंधित उपस्थित रहे।




