दीप प्रज्वलन से हुआ शुभारंभ, सांस्कृतिक कार्यक्रमों में दिखी ‘अनेकता में एकता’ की झलक
अतिथियों ने विद्यालय प्रबंधन व विद्यार्थियों की प्रतिभा की सराहना की
आजमगढ़। जनपद के जाफरपुर स्थित सेंट्रल पब्लिक स्कूल, जाफरपुर में विद्यालय का वार्षिक उत्सव बड़े हर्षोल्लास एवं धूमधाम के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सहजानन्द राय, क्षेत्रीय अध्यक्ष भाजपा गोरखपुर क्षेत्र तथा डॉ. सन्तोष सिंह, पूर्व सांसद आजमगढ़ एवं वरिष्ठ भाजपा नेता रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में संत रंजन श्रीवास्तव (पी.सी.एस.), मजिस्ट्रेट सगड़ी तहसील, आजमगढ़ तथा शुभम तोदी (डी.एस.पी.), सीओ सिटी, आजमगढ़ उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। समारोह में छात्र-छात्राओं ने विविध सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से भारतीय संस्कृति की समृद्ध परंपरा और ‘अनेकता में एकता’ का संदेश दिया। कार्यक्रम की शुरुआत सरस्वती वंदना और दुआ से हुई। अतिथियों के स्वागत में हिंदी, अंग्रेजी और उर्दू में क्रमशः ‘सुस्वागतम्’, ‘Welcome Dance’ और ‘खुश आमदीद’ की मनमोहक प्रस्तुति दी गई। इसके पश्चात गणेश वंदना, कश्मीरी लोक नृत्य, नन्हे-मुन्नों द्वारा ‘Shake it, Shake it’, सीनियर वर्ग का फैशन शो, ‘दिल है छोटा-सा’ गीत पर प्रस्तुति, हम्द ‘जमीं पे देखा फलक पे देखा’, गजल, ‘साउथ धमाल’ डांस, भजन ‘रामा रामा रटते रटते’, कव्वाली ‘इल्म इंसान की औकात बता देता है’, असमिया लोक नृत्य ‘आली आली चाय के बागान’, मोबाइल थीम डांस, पंजाबी लोक नृत्य ‘जुत्ती मेरी’, साइबर सुरक्षा पर नाटक, शिव तांडव, राजस्थानी नृत्य, डिबेट, बंगाली नृत्य ‘रंगीला रे मॉन’, इंग्लिश हिप-हॉप डांस, टेक-वॉन-डो, गजल, गुजराती डांस एवं अंत में भारतीय प्रतीकों का गौरवपूर्ण प्रदर्शन प्रस्तुत किया गया। विशिष्ट अतिथि संत रंजन श्रीवास्तव ने अपने संबोधन में विद्यालय की उत्कृष्ट व्यवस्थाओं, छात्र-छात्राओं की प्रतिभा तथा अभिभावकों के सहयोग की सराहना की। उन्होंने कहा कि विद्यालय परिवार ने अनुशासन और गुणवत्ता का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया है। साथ ही अभिभावकों से आग्रह किया कि वे अपने बच्चों के भविष्य के चयन में विद्यालय और शिक्षकों से विचार-विमर्श अवश्य करें। विद्यालय के संस्थापक अयाज अहमद खान ने कहा कि सेंट्रल पब्लिक स्कूल का उद्देश्य उचित शुल्क में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करना और अभिभावकों के सहयोग से विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित करना है। उन्होंने विशिष्ट अतिथि का आभार व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों को मिले आशीर्वाद को प्रेरणादायी बताया। इस अवसर पर तरन्नुम खानम (चेयरपर्सन, सीपीएस ग्रुप ऑफ स्कूल्स), नवाज अहमद खान (प्रबंधक), आज़ाद अहमद खान (प्रबंधक, सीपीएस ग्रुप ऑफ स्कूल्स) एवं सुश्री रेखा सिंह (डायरेक्टर, सीपीएस ग्रुप ऑफ स्कूल्स) सहित विद्यालय परिवार और अभिभावकगण उपस्थित रहे।




