आजमगढ़ : भीषण दुर्घटना में किशोर की मौत, एक गंभीर घायल

Youth India Times
By -
0



जल निगम की पानी टंकी के पास हुआ हादसा

आजमगढ़। नगर पंचायत जहानागंज बाजार क्षेत्र के तुलसीपुर स्थित जल निगम की पानी टंकी के पास धरवारा मार्ग पर शनिवार शाम दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। इस दर्दनाक हादसे में एक किशोर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोल्हूखोर में भर्ती कराया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, जहानागंज पश्चिम मोहल्ला निवासी अरशद (15 वर्ष) पुत्र स्वर्गीय अशहद महरूम अपने साथी नदीम (16 वर्ष) पुत्र अजमल के साथ बाइक से जा रहा था। इसी दौरान जल निगम की पानी टंकी के पास सामने से आ रही दूसरी बाइक से उनकी बाइक की भीषण टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि अरशद की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि नदीम गंभीर रूप से घायल हो गया। बताया जा रहा है कि मृतक अरशद चार भाइयों में सबसे छोटा था। उसकी असामयिक मौत से परिवार में कोहराम मच गया। घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंच गए और पूरे मोहल्ले में शोक की लहर दौड़ गई। सूचना मिलने पर थाना जहानागंज अध्यक्ष अतुल कुमार मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया तथा घायल किशोर को उपचार हेतु सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया। पुलिस द्वारा दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)