प्रेमिका ने हेड कांस्टेबल की पिस्टल से खुद को मारी गोली, हेड कांस्टेबल हिरासत में

Youth India Times
By -
0


पत्नी की वीडियो कॉल को लेकर विवाद के बाद उठाया खौफनाक कदम

मेरठ/ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा वेस्ट के सेक्टर-16बी स्थित श्रीराधा स्काई गार्डेन सोसाइटी में गुरुवार देर रात आयोजित पार्टी के दौरान हुए विवाद में एक युवती ने खुद को गोली मार ली। गंभीर रूप से घायल युवती को ग्रेटर नोएडा के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां वह वेंटिलेटर पर है। सेंट्रल नोएडा जोन के एडीसीपी आरके गौतम के अनुसार, युवती ने दिल्ली के कालिंदी कुंज थाने में तैनात हेड कांस्टेबल की लाइसेंसी पिस्टल से आत्महत्या का प्रयास किया। मामले में बिसरख कोतवाली में युवती के बड़े भाई की तहरीर पर आत्महत्या के लिए उकसाने की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने गाजियाबाद के राजनगर एक्सटेंशन निवासी आरोपी हेड कांस्टेबल आशीष पवार (34) को हिरासत में ले लिया है। पुलिस के अनुसार, मेरठ के कंकरखेड़ा निवासी युवती प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करती है और टेकजोन-4 स्थित गौड़ सौंदयर्म सोसाइटी में रहती थी। वह बीते पांच वर्षों से आरोपी के संपर्क में थी और पिछले पांच महीनों से दोनों किराये के फ्लैट में सहमति संबंध में रह रहे थे। आरोप है कि आशीष ने युवती से शादी का वादा किया था, जबकि उसका पत्नी से विवाद चल रहा है और तलाक का मामला कोर्ट में विचाराधीन है। बताया गया कि गुरुवार रात युवती के साथ काम करने वाले नीरज ने श्रीराधा स्काई गार्डेन सोसाइटी के टावर नंबर-7 स्थित फ्लैट में पार्टी रखी थी। पार्टी में आरोपी आशीष युवती के साथ पहुंचा था। उसके पास लाइसेंसी पिस्टल, रिवॉल्वर और सर्विस रिवॉल्वर मौजूद थीं, जिन्हें उसने कमरे में मेज पर रख दिया था। रात करीब 12 बजे आरोपी के मोबाइल पर उसकी पत्नी की व्हाट्सएप वीडियो कॉल आने पर युवती ने विरोध किया, जिसके बाद दोनों के बीच तीखी बहस हुई। आरोप है कि करीब एक बजे युवती उसी कमरे में पहुंची और लाइसेंसी पिस्टल उठाकर अपनी दाईं कनपटी पर गोली मार ली, जो सिर को पार करते हुए बाईं ओर से निकल गई। गोली चलने से सोसाइटी में हड़कंप मच गया। आरोप है कि आशीष ने पहले युवती को ठिकाने लगाने का प्रयास किया, लेकिन हालात बिगड़ते देख वह उसे कार से यथार्थ अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां उसने गोली लगने की बात छिपाकर सड़क दुर्घटना का बहाना बनाया और युवती का नाम भी गलत बताया। डॉक्टरों को शक होने पर पुलिस को सूचना दी गई। यथार्थ सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल प्रबंधन के अनुसार, युवती को गंभीर अवस्था में लाया गया था और विशेषज्ञ चिकित्सकीय टीम द्वारा लगातार इलाज किया जा रहा है। फिलहाल उसकी स्थिति अत्यंत नाजुक बनी हुई है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)