सुबह हुआ दर्दनाक हादसा, वाहन बरामद, चालक फरार; पुलिस कर रही तलाश
आजमगढ़। जनपद के मुबारकपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बसौंधा गांव में बृहस्पतिवार की सुबह एक दर्दनाक हादसे में तीन वर्षीय मासूम की जान चली गई। जानकारी के अनुसार सुबह करीब 9:30 बजे घर के बाहर खेल रही आरुही (3) को तेज गति से जा रही एक स्कूल वैन ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बच्ची लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़ी। परिजन और ग्रामीण आनन-फानन में उसे अस्पताल ले जाने की तैयारी कर ही रहे थे, लेकिन तब तक उसकी मौके पर ही मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। घटना के बाद वैन चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी निरीक्षक शशि मौली पांडेय ने बताया कि नाना लालबिहारी की तहरीर के आधार पर पुलिस ने स्कूल वैन को बरामद कर लिया है, हालांकि चालक अभी फरार है। उसकी तलाश में दबिश दी जा रही है। तीन वर्षीय बच्ची की असमय मौत से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है।






