प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने जारी की सूची, संगठनात्मक विस्तार को मिली रफ्तार
लखनऊ। उत्तर प्रदेश भाजपा संगठन में बृहस्पतिवार को बड़ा प्रशासनिक कदम उठाते हुए 11 नए जिलाध्यक्षों के नामों की घोषणा की गई। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी ने अधिकृत सूची जारी करते हुए विभिन्न क्षेत्रों में संगठनात्मक जिम्मेदारियां सौंपीं। गोरखपुर क्षेत्र के सिद्धार्थनगर में दीपक मौर्य को जिलाध्यक्ष बनाया गया है। अवध क्षेत्र में अयोध्या जिले की कमान राधेश्याम को सौंपी गई है, जबकि अयोध्या महानगर का दायित्व कमलेश श्रीवास्तव को दिया गया है। गोंडा में इकबाल बहादुर तिवारी और लखीमपुर में अरविंद गुप्ता को जिलाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। काशी क्षेत्र के मिर्जापुर में लाल बहादुर सरोज को जिम्मेदारी दी गई है। ब्रज क्षेत्र के पीलीभीत जिले में गोकुल प्रसाद मौर्य को जिलाध्यक्ष बनाया गया है। पश्चिम क्षेत्र के अंतर्गत शामली में रामजी लाल कश्यप, अमरोहा में उदय गिरी गोस्वामी, सहारनपुर में अजीत सिंह राणा तथा बागपत में नीरज शर्मा को जिलाध्यक्ष घोषित किया गया है। भाजपा के प्रदेश संगठन में कुल 98 संगठनात्मक जिले हैं। अब तक 95 जिलाध्यक्षों की घोषणा की जा चुकी है। पहले चरण में 70, दूसरे चरण में 14 और तीसरे चरण में 11 जिलाध्यक्षों के नाम घोषित किए गए। अब केवल तीन जिलों वाराणसी, चंदौली और अंबेडकरनगर में जिलाध्यक्षों की घोषणा शेष है। पार्टी सूत्रों के अनुसार इन जिलों के नामों पर भी जल्द अंतिम निर्णय लिया जा सकता है।






