नशीला जूस पिलाकर महिला अफसर का किया रेप, अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेलिंग का आरोप

Youth India Times
By -
0

 




रूममेट और उसके दोस्त ने रची साजिश, लाखों रुपये व जेवर ऐंठने का आरोप
लखीमपुर खीरी/लखनऊ (गुडंबा): लखीमपुर खीरी के एक अस्पताल में तैनात कम्युनिटी हेल्थ अफसर (सीएचओ) के साथ दुष्कर्म, अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेलिंग और लाखों रुपये व जेवर ऐंठने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़िता की तहरीर पर गुडंबा थाने में उसकी पूर्व रूममेट और उसके पति के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। इंस्पेक्टर गुडंबा प्रभातेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि मामले में दुष्कर्म, आईटी एक्ट, ब्लैकमेलिंग समेत अन्य गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है और जांच की जा रही है। पीड़िता मूल रूप से लखीमपुर खीरी की रहने वाली है। उसने पुलिस को बताया कि करीब तीन वर्ष पूर्व वह गुडंबा क्षेत्र स्थित एक अस्पताल में नौकरी करती थी और किराये के कमरे में रह रही थी। उसी कमरे में चांदनी नाम की युवती भी रहती थी। चांदनी ने अपने दोस्त रामनरेश यादव निवासी बांदा से उसकी मुलाकात कराई थी। आरोप है कि साजिश के तहत एक दिन रामनरेश कमरे पर आया और चांदनी के साथ मिलकर पीड़िता को नशीला जूस पिलाया। जूस पीने के बाद वह अचेत हो गई, इसी दौरान रामनरेश ने उसके साथ दुष्कर्म किया, जबकि चांदनी ने अश्लील वीडियो बना लिया। पीड़िता के अनुसार बाद में उसकी सीएचओ के पद पर लखीमपुर खीरी में नियुक्ति हो गई, लेकिन इसके बावजूद आरोपी रामनरेश संपर्क में रहा। उसने शादी का प्रस्ताव रखा और इंकार करने पर अश्लील वीडियो व फोटो वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करने लगा। आरोप है कि उसने कई बार लखीमपुर और लखनऊ बुलाकर शोषण किया और वीडियो के बल पर चेन, अंगूठी, एटीएम कार्ड समेत लाखों रुपये हड़प लिए। हाल ही में पीड़िता को जानकारी मिली कि चांदनी और रामनरेश ने आपस में शादी कर ली है और दोनों ने वसूली की नीयत से पहले से ही साजिश रचकर वीडियो बनाया था। पीड़िता ने बताया कि वीडियो और फोटो डिलीट कराने के लिए उसने काफी मिन्नतें कीं, लेकिन आरोपी ने तीन लाख रुपये की मांग की। मांग पूरी न होने पर उसने वीडियो और फोटो पीड़िता के परिजनों को भेज दिए। लगातार प्रताड़ना से परेशान होकर पीड़िता ने थाने में तहरीर दी, जिसके आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)