भर्ती प्रक्रिया शुरू करने व विनिवेश के विरोध सहित कई मांगें उठाईं
यूनियन के आह्वान पर दिनभर हड़ताल, आगे की रणनीति शीर्ष नेतृत्व तय करेगा
रिपोर्ट : आरपी सिंह
फूलपुर (आज़मगढ़)। ऑल इंडिया इंश्योरेंस एम्प्लाइज यूनियन के आह्वान पर भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) शाखा फूलपुर के कर्मचारियों ने गुरुवार को कार्य बहिष्कार करते हुए शाखा के मुख्य गेट पर धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान कर्मचारी पूरे दिन हड़ताल पर रहे, जिससे शाखा का नियमित कार्य प्रभावित रहा। धरने पर बैठे कर्मचारियों ने बताया कि उनकी प्रमुख मांगों में एलआईसी में तत्काल भर्ती प्रक्रिया शुरू करना, सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों के विनिवेश का विरोध, दमनकारी श्रम संहिताओं को वापस लेना तथा कर्मचारियों और उद्योग से जुड़े मुद्दों पर यूनियनों के साथ नियमित एवं व्यवस्थित वार्ता सुनिश्चित करना शामिल है। संघ के सदस्य के.के. यादव ने कहा कि यूनियन के आह्वान पर सभी कर्मचारी एकजुट होकर हड़ताल पर रहे। उन्होंने स्पष्ट किया कि कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान तक आंदोलन जारी रहेगा। आगे की रणनीति यूनियन के उच्च पदाधिकारियों के निर्देशानुसार तय की जाएगी। धरना-प्रदर्शन में अध्यक्ष कृष्ण कुमार यादव, सूरज मिश्रा, नागेंद्र सिंह, ललित, यतेंद्र, शशांक, विकास, आकाश, आशीष, अनवर और आलोक सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।





