समाजसेवियों ने पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी को लिखा पत्र, कई स्टेशनों के यात्रियों को मिलेगा लाभ
रिपोर्ट-आरपी सिंह
आजमगढ़। आजमगढ़ से वाराणसी के बीच संचालित इंटरसिटी एक्सप्रेस (55135) को शाहगंज तक विस्तारित किए जाने की मांग जोर पकड़ने लगी है। इस संबंध में समाजसेवी गोविंद यादव सहित आम नागरिकों ने शनिवार को पूर्वोत्तर रेलवे के मंडल प्रबंधक, वाराणसी को पत्र लिखकर ट्रेन को शाहगंज से आजमगढ़ होते हुए वाराणसी तक चलाने की मांग की है। मांग करने वालों का कहना है कि यदि इंटरसिटी एक्सप्रेस का संचालन शाहगंज-आजमगढ़-वाराणसी मार्ग पर किया जाता है तो दीदारगंज, खुरासन रोड, सरायमीर, फरिहा और रानी की सराय सहित कई स्टेशनों के यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा। समाजसेवी गोविंद यादव ने बताया कि इंटरसिटी एक्सप्रेस को शाहगंज से आजमगढ़ वाया मऊ चलाया जाना चाहिए, जिससे फूलपुर, सरायमीर, अंबारी, फरिहा और रानी की सराय क्षेत्र के लोगों को बेहतर रेल सुविधा मिल सकेगी। उन्होंने कहा कि इस ट्रेन के संचालित होने से व्यापारियों, कर्मचारियों के साथ-साथ शिक्षक एवं छात्रों को भी काफी सहूलियत होगी। उन्होंने यह भी बताया कि फूलपुर क्षेत्र के समीप पौराणिक स्थल दुवार्सा धाम स्थित है, जबकि मुंडियार गांव में प्रसिद्ध मुंडेश्वर नाथ मंदिर है, जहां दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु आते हैं। इंटरसिटी ट्रेन के संचालन से धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।




