आजमगढ़ : भूमि विवाद पर बढ़ा तनाव, महिला पुलिस से खींचतान का वीडियो वायरल

Youth India Times
By -
0




चकबंदी में लंबित है मामला, एसडीएम के आदेश पर पहुंची थी पुलिस टीम

आजमगढ़। जिले के निजामाबाद थाना क्षेत्र अंतर्गत फरिहा उम्मा के पूरा गांव में राम सकल यादव पक्ष और बुझावन यादव पक्ष के बीच कई वर्षों से भूमि विवाद चल रहा है। मामला चकबंदी न्यायालय में विचाराधीन बताया जा रहा है। विवाद बढ़ने पर प्रकरण तहसील निजामाबाद के उपजिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह के समक्ष पहुंचा। एसडीएम ने हल्का लेखपाल से रिपोर्ट तलब कर एसएचओ निजामाबाद, राजस्व निरीक्षक व लेखपाल को मौके का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही प्रार्थी के कब्जे की भूमिधरी जमीन पर अवैध कब्जा रोकने को कहा गया। शनिवार सुबह संबंधित गाटा संख्या पर पहले से बोए गए गन्ने की कटाई को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। सूचना मिलते ही फरिहा चौकी प्रभारी चित्रांशु मिश्रा महिला कांस्टेबल सहित पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाने-बुझाने और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। इसी दौरान कुछ ग्रामीण महिलाओं द्वारा महिला पुलिसकर्मी के साथ खींचतान की घटना सामने आई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। क्षेत्राधिकारी सदर आस्था जायसवाल ने बताया कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और किसी बड़ी झड़प की बात सही नहीं है। मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 170 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है तथा दो लोगों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस का कहना है कि आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)