आजमगढ़ : यूपी बोर्ड परीक्षा में बड़ी लापरवाही, गलत प्रश्नपत्र खोलने पर केंद्र व्यवस्थापक के खिलाफ FIR के निर्देश

Youth India Times
By -
0




हाईस्कूल सामाजिक विज्ञान की परीक्षा के दौरान इंटरमीडिएट संस्कृत का पेपर खोला गया

संयुक्त शिक्षा निदेशक नवल किशोर ने प्राथमिकी दर्ज कराने के दिए निर्देश
आजमगढ़। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की बोर्ड परीक्षा के दौरान आजमगढ़ जनपद में बड़ी लापरवाही का मामला सामने आया है। मां शारदा इंटर कॉलेज में सुबह की पाली में हाईस्कूल की सामाजिक विज्ञान की परीक्षा के दौरान केंद्र व्यवस्थापक द्वारा इंटरमीडिएट संस्कृत विषय का प्रश्नपत्र खोल दिया गया। जानकारी के अनुसार शुक्रवार को सुबह की पाली में हाईस्कूल की सामाजिक विज्ञान तथा शाम की पाली में इंटरमीडिएट अंग्रेजी विषय की परीक्षा निर्धारित थी। इसके बावजूद केंद्र व्यवस्थापक ने इंटरमीडिएट संस्कृत विषय का प्रश्नपत्र खोल दिया, जबकि उस पर स्पष्ट रूप से 12 मार्च की तिथि और विषय ‘संस्कृत’ अंकित था। उल्लेखनीय है कि 12 मार्च को इंटरमीडिएट संस्कृत की परीक्षा निर्धारित है। हालांकि राहत की बात यह रही कि खोला गया प्रश्नपत्र किसी भी परीक्षार्थी को वितरित नहीं किया गया। मामले की सूचना मिलते ही प्रभारी जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) मनोज कुमार तत्काल परीक्षा केंद्र पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। इस प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए संयुक्त शिक्षा निदेशक (जेडी) नवल किशोर ने केंद्र व्यवस्थापक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि प्रश्नपत्र पर विषय और तिथि अंकित होने के बावजूद उसे खोलना गंभीर लापरवाही है और इसके लिए जिम्मेदार व्यक्ति के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)