घर में अकेली थी, ननद ने खिड़की से देखा लटकता शव
आजमगढ़। आजमगढ़ के महराजगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत शंकरपुर गांव में गुरुवार की शाम एक 24 वर्षीय नवविवाहिता का घर के भीतर फंदे से लटकता शव मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार मऊ जनपद के रानीपुर थाना क्षेत्र के मखुनी गांव निवासी चंद्रिका यादव की पुत्री प्रियंका की शादी लगभग एक वर्ष पूर्व शंकरपुर गांव निवासी सोनू यादव के साथ हुई थी। सोनू यादव बंगलौर में जेसीबी चलाने का काम करते हैं। वह एक माह पूर्व घर आए थे और करीब 15 दिन पहले वापस बंगलौर चले गए। बताया जा रहा है कि प्रियंका पति के साथ बंगलौर जाना चाहती थी, लेकिन पति ने अगली बार साथ ले जाने की बात कही थी। परिजनों के मुताबिक पति के बंगलौर जाने के बाद भी प्रियंका फोन पर साथ ले जाने को लेकर विवाद करती थी। बुधवार को उसकी अपने पति और मां शकुंतला से फोन पर बातचीत हुई थी। दोपहर में पति से इस बात को लेकर कहासुनी भी हुई थी। गुरुवार शाम घर के अन्य सदस्य अपने-अपने काम से बाहर थे और प्रियंका घर में अकेली थी। शाम को उसकी ननद स्कूल से घर लौटी तो दरवाजा अंदर से बंद मिला। काफी आवाज लगाने के बाद भी जब दरवाजा नहीं खुला तो उसने खिड़की से झांककर देखा। अंदर टीनशेड की पाइप से दुपट्टे के सहारे प्रियंका का शव लटका हुआ था। ननद के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को नीचे उतरवाया और कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।





