आजमगढ़। जनपद के बिलरियागंज थाना क्षेत्र के जगमलपुर गांव में शनिवार दोपहर 17 वर्षीय किशोरी खुशी ने साड़ी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना से गांव में शोक की लहर दौड़ गई। मृतका कक्षा 10 की छात्रा थी और अपने परिवार में तीन बहनों व दो भाइयों में दूसरे नंबर पर थी। परिजनों के अनुसार शनिवार को उसकी मां सुमन रोज की तरह नजदीकी निजी विद्यालय में मिड-डे मील बनाने गई थीं। दोपहर करीब 1:30 बजे छोटी बहन शिवांगी ने फोन कर सूचना दी कि खुशी घर के एक कमरे में चूल्हे के सहारे साड़ी से लटकी हुई है। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। बताया जा रहा है कि शनिवार को खुशी एक युवक से मिलने गई थी। आरोप है कि युवक ने उसके साथ मारपीट की थी। परिजनों का कहना है कि प्रेम संबंधों में चल रही तकरार से आहत होकर उसने यह कदम उठाया। घटना के समय पिता मूलचंद हैदराबाद में काम पर थे, जबकि एक भाई घर से बाहर खेलने गया हुआ था। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष सुनील कुमार दुबे ने बताया कि अभी तक परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है। मामले की जांच की जा रही है।
आजमगढ़ : युवक संग मारपीट के बाद 10वीं की छात्रा ने लगाई फांसी
By -
Monday, February 23, 2026
0
Tags:





