आजमगढ़। जनपद के सिधारी थाना क्षेत्र के समेंदा गांव में 15 अक्टूबर की रात करीब 9 बजे राजगद्दी मेले में एक युवती के साथ छेड़खानी और मारपीट की घटना सामने आई है। पीड़िता ने थाना सिधारी में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के अनुसार, अनुराग सिंह उर्फ गफू और रजनीश सिंह पुत्रगण यशवंत सिंह ने मेले में पीड़िता के साथ छेड़खानी की और उनके कपड़ों के साथ अभद्र व्यवहार किया। विरोध करने पर आरोपियों ने पीड़िता और उनके पिता के साथ मारपीट की, जिससे पीड़िता के कान में गंभीर चोट लगी और उन्हें सुनाई देना बंद हो गया। उनके पिता को भी काफी चोटें आई हैं।
पीड़िता ने अपने प्रार्थना पत्र में बताया कि घटना के समय चिल्लाने पर आसपास के लोग इकट्ठा हुए, तभी उनके पिता मौके पर पहुंचे और पूछताछ करने लगे। इसके बाद अनुराग, रजनीश और कुछ अज्ञात व्यक्तियों ने मिलकर उनके पिता पर भी हमला कर दिया। पीड़िता ने आरोपियों को दबंग प्रवृत्ति का बताया और थाना सिधारी पुलिस से प्राथमिकी दर्ज कर उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पीड़िता की शिकायत पर सिधारी पुलिस ने अनुराग सिंह उर्फ गफू और रजनीश सिंह पुत्रगण यशवंत सिंह सहित कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।






