एक्सप्रेस वे पर दर्दनाक हादसा, एसडीएम की मौत

Youth India Times
By -
0

 





लखनऊ से आ रहे थे वापस, चालक गंभीर रूप से घायल
आगरा : आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में आगरा में तैनात अपर नगर मजिस्ट्रेट राजेश कुमार जायसवाल की मौत हो गई। उनके चालक पंकज कुमार शर्मा गंभीर रूप से घायल हैं और सैफई मेडिकल कॉलेज में उनका इलाज चल रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अपर नगर मजिस्ट्रेट राजेश कुमार जायसवाल अपनी क्रेटा कार से लखनऊ से आगरा की ओर जा रहे थे। सुबह जब उनकी कार एक्सप्रेस-वे के 77-किलोमीटर पॉइंट पर पहुंची, तभी यह हादसा हुआ। बताया जा रहा है कि उनकी कार किसी अज्ञात वाहन से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
हादसे में राजेश कुमार जायसवाल और उनके चालक पंकज कुमार शर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को तुरंत सैफई मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने राजेश कुमार जायसवाल को मृत घोषित कर दिया, जबकि चालक की हालत गंभीर बनी हुई है।
हादसे की खबर मिलते ही प्रभारी तहसीलदार संतोष राजौरिया और प्रभारी निरीक्षक महाराज सिंह भाटी सैफई अस्पताल पहुंचे। इस दुखद घटना की जानकारी आगरा प्रशासन तक पहुंचने पर अधिकारियों में शोक की लहर दौड़ गई। आगरा से कई वरिष्ठ अधिकारी मैनपुरी के लिए रवाना हो गए हैं। बता दें कि राजेश कुमार जायसवाल पहले किरावली में एसडीएम के पद पर तैनात थे और वर्तमान में आगरा कलेक्ट्रेट में अपर नगर मजिस्ट्रेट के रूप में कार्यरत थे। उनके आकस्मिक निधन से प्रशासनिक और सामाजिक हलकों में गहरा शोक है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)