उनवल (गोरखपुर)। खजनी थाना क्षेत्र में एक 40 वर्षीय महिला गंभीर हालत में मिली। उसके सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें थीं, और स्थानीय लोगों ने उसके साथ दुष्कर्म की आशंका जताई है। महिला को बीआरडी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां वह जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रही है।
घटना खजनी थाना मुख्यालय से मात्र 100 मीटर दूर बीआरसी परिसर के पीछे हुई। सुबह करीब 9 बजे स्कूल स्टाफ ने कराहने की आवाज सुनी। पहले इसे जानवर की आवाज समझा गया, लेकिन जांच करने पर खून से लथपथ महिला दर्द से तड़पती मिली। उसके सिर और शरीर पर ईंट से प्रहार के निशान थे। स्कूल स्टाफ ने तुरंत खजनी पुलिस को सूचना दी।
एसओ खजनी अनूप सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और महिला को तत्काल मेडिकल कॉलेज भिजवाया। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी साउथ जितेंद्र कुमार और सीओ खजनी उदय प्रताप सिंह भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने बीआरसी परिसर में लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच शुरू कर दी है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अज्ञात हमलावरों ने महिला के साथ दुष्कर्म के बाद इस क्रूर वारदात को अंजाम दिया। हालांकि, महिला की हालत गंभीर होने के कारण उसकी शिनाख्त और बयान दर्ज नहीं हो सका है। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की तहकीकात में जुटी है।