18वीं सदी की धार्मिक धरोहर का होगा कायाकल्प
आजमगढ़। नगर पंचायत जहानागंज के रामपुर में प्राचीन सती मैय्या स्थल के समीप निर्माणाधीन देवस्थान का भूमिपूजन विधिवत रूप से संपन्न हुआ। इस अवसर पर भारी संख्या में नगरवासियों और महिलाओं की उपस्थिति में धर्म ध्वज स्थापित किया गया। पूजन के बाद उपस्थित लोगों ने मंदिर निर्माण और जीर्णोद्धार के लिए संकल्प लिया।
नगर पंचायत जहानागंज के वार्ड नंबर-6 में स्थित सती मैय्या का प्राचीन देवस्थान, जो 18वीं सदी की धार्मिक धरोहर है, क्षेत्रवासियों के लिए आस्था का प्रमुख केंद्र रहा है। भूमिपूजन समारोह में मुख्य यजमान कैप्टन इष्टदेव सिंह, सहायक यजमान उमाशंकर सिंह, राजेंद्र सिंह, राकेश सिंह पिंटू, पत्रकार डॉ. अरविंद सिंह, प्रभात सिंह, सभासद रमन सिंह आदि ने भाग लिया। विद्वान ब्राह्मण प्रमोद पांडेय ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भूमि पूजन और शिला पूजन संपन्न कराया।
जिलाधिकारी के निर्देश पर पर्यटन और धर्मार्थ कार्य विभाग इस ऐतिहासिक स्थल के जीर्णोद्धार के लिए परियोजना तैयार कर रहा है। समारोह में राजेश सिंह, भानू सिंह, श्याम सिंह, योगेंद्र सिंह सहित अनेक महिला-पुरुष उपस्थित रहे।