उप्र में अब होगा भाजपा जिलाध्यक्षों का ऐलान

Youth India Times
By -
0

 





जिले स्तर पर घोषणा करने की तैयारी में भाजपा
लखनऊ। भाजपा के जिलाध्यक्ष पद के दावेदारों को थोड़ा सा और इंतजार करना पड़ सकता है। भाजपा अब नए जिलाध्यक्षों की घोषणा प्रदेश स्तर पर न करके जिले स्तर पर करने की तैयारी में है। जिसकी जिम्मेदारी जिला चुनाव अधिकारी को सौंपी जाएगी। पार्टी सूत्रों की मानें तो केंद्रीय नेतृत्व के निर्देश के बाद ऐसा करने की तैयारी है। अभी 80 से 85 के बीच जिलाध्यक्षों की घोषणा होने की संभावना है, जिनकी सूची लगभग फाइनल हो चुकी है। बस दिल्ली की हरी झंडी का इंतजार है। भाजपा में संगठन चुनाव की प्रक्रिया जिलाध्यक्षों पर आकर अटक गई है जबकि बूथ और मंडलों के गठन की प्रक्रिया काफी हद तक समय से हो गई थी। खास बात यह है कि क्षेत्रीय स्तर पर घोषित होने वाले मंडल अध्यक्षों की स्क्रीनिंग इस बार प्रदेश स्तर पर की गई जबकि प्रदेश स्तर पर घोषित होने वाले जिलाध्यक्षों के नाम का ऐलान अब जिलों में करने की तैयारी है। इसके लिए सभी जिला चुनाव अधिकारियों को अपने आवंटित जिलों में भेजा जाएगा। वहीं वे नये जिलाध्यक्ष के नाम की घोषणा करेंगे। हालांकि जिला चुनाव अधिकारियों के लिए यह किसी सिरदर्द से कम नहीं है। कुछ जगहों पर उन्हें विरोध भी झेलना पड़ सकता है। वहीं मौजूदा जिलाध्यक्षों को यह होली मनाने का मौका मिलने की संभावना है।सूत्रों की माने तो सूची को अंतिम रूप देने के लिए सोमवार को प्रदेश चुनाव अधिकारी डा. महेंद्रनाथ पांडेय, प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी, प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह व सह प्रेक्षक संजय भाटिया ने दिनभर बंद कमरे में मंथन किया। मंगलवार को भी प्रदेश चुनाव अधिकारी व महामंत्री संगठन ने इसे लेकर खासा मंथन किया।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)