आजमगढ़: आधे घंटे तक युवक को पीटते रहे दबंग

Youth India Times
By -
0
मरणासन्न हालत में छोड़कर भागे
मामले को दबाने में लगी स्थानीय पुलिस
रिपोर्ट-शाह आलम फराही

आजमगढ़। निजामाबाद थाना क्षेत्र के फरिहा का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। कुछ दबंगों द्वारा एक आटो चालक की आधे घंटे तक पिटाई की जा रही है। उसको मरा हुआ समझकर दबंग वहां से फरार हो गये। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती करवाया है। मामला बीती रात करीब 11 बजे का बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार फरिहा पुलिस चौकी के असीलपुर हरिजन बस्ती के पास बीती रात करीब 11 जा रहे एक आटो चालक को करीब 30-35 की संख्या में चार पहिया व दो पहिया वाहन से आये दबंगों द्वारा आटो को रोककर चालक को मारना पीटना शुरू कर दिया गया। स्थानीय लोगों के अनुसार उसे करीब 800 मीटर दूरी तक लखनऊ-बलिया मार्ग पर स्थित एक पेट्रोल पम्प के पास मारते पीटते हुए ले जाया गया। वहां पर उसे मरा हुआ समझकर फेंक दिया गया। इस घटनाक्रम का वीडियो बनाने पर एक पत्रकार को भी दबंगों द्वारा मारापीटा गया। स्थानीय लोगों द्वारा जब इस घटना की सूचना पुलिस को दी गयी तो सूचना के करीब एक घंटे बाद पुलिस मौके पर पहंुची और मरणसन्न आटो चालक को स्थानीय स्वास्थ्य केन्द्र पर ले जाया गया जहां उसकी हालत को गंभीर देखते हुए उसे सदर अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। घटनाक्रम को लेकर इस बात की चर्चा जोरों पर है कि उक्त आटो चालक कुछ लोगों को लेकर उनके गन्तव्य पर छोड़ने के लिए जा रहा था। आटो में एक लड़की भी सवार थी।  मौके पर पहुंचे दर्जनों लोग उस लड़की के परिवार के लोग थे जिसे देखकर आटो में बैठे लोग मौका देखकर फरार हो गये। मौके पर मौजूद आटो चालक उक्त दबंगों के कोपभाजन का शिकार हो गया। इस बावत निजामाबाद थाना पुलिस द्वारा बात की गयी तो पुलिस द्वारा घटना से जुड़ी कोई बात यह कहते हुए बताने से इनकार कर दिया गया कि जब तक हमें तहरीर नहीं मिल जाती हम कुछ भी नहीं बता सकते।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)