दर्दनाक घटना: झोपड़ी में आग लगने से चार बच्चियों की जलकर मौत

Youth India Times
By -
0
लुकाछिपी खेल रही थीं चारों

बरेली। बरेली के फरीदपुर थाना क्षेत्र में दर्दनाक घटना हुई है। थाना क्षेत्र के गांव नवादा बिलसंडी में शुक्रवार दोपहर को एक झोपड़ी में आग लग गई, जिससे चार बच्चियों की जिंदा जलकर मौत हो गई। मरने वालों में दो सगी बहनें थीं। घटना की जानकारी मिलने के बाद डीएम और एसएसपी मौके पर पहुंचे। घटना के संबंध में परिजनों व ग्रामीणों से जानकारी की। गांव नवादा बिलसंडी में रामदास का 60 वर्गगज का मकान है। उन्होंने छत पर झोपड़ी डाल रखी थी। मकान में रामदास, उनके तीन बेटे अर्जुन, अमिताभ व भीम के परिवार संयुक्त रूप से रहते हैं। छत पर एक हिस्से में पुआल रखा था। दोपहर के वक्त किसी तरह पुआल में आग लग गई। उस वक्त परिवार के लोग बाहर गए हुए थे। छत पर तीनों भाइयों की चार बच्चियां लुकाछिपी खेल रही थीं। आग से बचने के लिए चारो बच्चियां झोपड़ी में छिप गईं। जलते पुआल ने झोपड़ी को भी चपेट में ले लिया। चारों मासूम लपटों से घिर गईं। उनकी चीख सुनकर और लपटें देखकर परिजन और पड़ोसी दौड़े। उन्होंने किसी तरह आग बुझाई, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी। प्रियांशी पुत्री भीम (5), मानवी पुत्री अमिताभ (3), नैना पुत्री अर्जुन (5) की जिंदा जलकर मौत हो गई। नीतू पुत्री अमिताभ (6) को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान शाम को उसने भी दम तोड़ दिया। डीएम और एसएसपी भी मौके पर पहुंचे। परिजनों को सांत्वना देते हुए हर संभव मदद का आश्वासन भी दिया। जानकारी मिलते ही डीएम रविंद्र कुमार और एसएसपी घुले सुशील चंद्रभान भी फोर्स के साथ गांव पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने परिजनों से जानकारी की। डीएम ने कहा कि झोपड़ी में आग लगने से दर्दनाक घटना घटित हुई है। घटना की जांच के निर्देश दिए हैं।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)