आजमगढ़ में भीषण हादसा, चार मरे, तीन पीआरडी जवान घायल

Youth India Times
By -
0
तेज गति से आ रहे ट्रक ने आटो को लिया चपेट में
आजमगढ़। जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में हुई दो मार्ग दुर्घटनाओं में जहां चार लोगों की मौत हो गयी वहीं तीन पीआरडी जवान घायल हो गये। मेंहनाजपुर थाना क्षेत्र में ट्रक ने आटो में टक्कर मार दी जिसमें तीन लोगों की मौत हुई है। दूसरी घटना सरायमीर थाना क्षेत्र की है जिसमें आटो की आटो से टक्कर होने के बाद एक की मौत हो गयी। इस दुर्घटना में तीन पीआरडी जवान घायल हो गये।
मेहनाजपुर थाना क्षेत्र के सिधौना में बृहस्पतिवार की दोपहर ट्रक और ऑटो की टक्कर हो गई। इस घटना में ऑटो चालक सहित तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस जांच पड़ताल में जुट गई। जानकारी के अनुसार, बृहस्पतिवार की दोपहर सिधौना बाजार से एक ऑटो सवारियों को बिठाकर चला। बाजार में एक पेट्रोल पंप के समीप जैसे ही पहुंचा तो सामने से तेज गति से आ रहे ट्रक की ऑटो से टक्कर हो गई। इस घटना में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने तीनों मृतकों के शव को बाहर निकलवाया और उनकी शिनाख्त में जुट गई। जिसमें मृतक ऑटो चालक की शिनाख्त सप्पू अहमद 48 निवासी रामपुर कठेरवा कोतवाली देवगांव और दूसरे मृतक की शिनाख्त नागेंद्र चौहान 36 देवगांव कोतवाली क्षेत्र के कलीचाबाद गांव के रूप में हुई। जबकि घटना में मृत महिला की शिनाख्त नहीं हो सकी। एसओ प्रदीप कुमार मिश्रा ने बताया कि इस घटना में दो पुरुष और महिला की मौत हुई है। मृतक पुरुषों की तो शिनाख्त हो चुकी है। लेकिन मृतक महिला की शिनाख्त नहीं हो सकी है। उसके शिनाख्त का प्रयास किया जा रहा है।
इसी क्रम में सरायमीर थाना क्षेत्र में लखनऊ-बलिया मुख्य मार्ग पर संजरपुर बाजार के पास बुधवार की रात दो आटो रिक्शा की भिड़ंत हो गई। जिसमें एक आटो रिक्शा पर बैठे यात्री अरशद 41 वर्ष पुत्र मोबीन ग्राम कयामुद्दीनपट्टी उर्फ परसहां की मौत हो गई। वहीं पीआरडी के तीन जवान अशोक पांडेय, महेंद्र यादव, राम जतन यादव घायल हो गए। पुलिस ने आटो चालक को गिरफ्तार कर लिया। आटो को कब्जे में ले लिया। घायलों को अस्पताल भेजवाया।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)