आजमगढ़ के तीन सहित छः अधिशासी अधिकारियों पर होगी कार्रवाई

Youth India Times
By -
0
लापरवाही पाये जाने पर नगर विकास विभाग के प्रमुख सचिव ने दिया कार्रवाई का निर्देश
लखनऊ। नगर विकास विभाग के प्रमुख सचिव अमृत अभिजात ने विभागीय कामकाज और विकास कार्यों में लापरवाही बरतने पर आजमगढ़ की बिलरियागंज नगर पालिका परिषद, बूढ़नपुर एवं मार्टिनगंज नगर पंचायत, शाहजहांपुर की अल्हागंज, बंडा और कलान नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
प्रमुख सचिव ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री नगर सृजन योजना के तहत नव सृजित 112 नगर पंचायतों, सीमा विस्तारित 10 नगर निगम, 46 नगर पालिका परिषद और 72 नगर पंचायत में स्वीकृत विकास कार्यों की समीक्षा की। इसमें पाया गया कि इन अधिशासी अधिकारियों ने वर्तमान वित्तीय वर्ष के कार्यों की डीपीआर उपलब्ध नहीं कराई है। गत वित्त वर्ष में जारी राशि के उपयोगिता प्रमाण पत्र पेश नहीं किए गए।
इसलिए उनके खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए गए। प्रमुख सचिव ने आगामी 20 दिसंबर को फिर समीक्षा के निर्देश दिए। बैठक में सामने आया कि योजना के तहत 2022-23 में 550 करोड़ स्वीकृत किए गए। वहीं, निकायों से अब तक 2740 कार्यों में से 1125 कार्य पूर्ण हुए हैं। 1387 प्रगति पर हैं। 2023-24 के लिए 607.10 करोड़ बजट का प्रावधान किया गया है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)