आजमगढ़: सड़क दुर्घटनाओं में तीन की मौत

Youth India Times
By -
0
बरदह थाना क्षेत्र में हुई तीनों घटनाएं


आजमगढ़। बरदह थाना क्षेत्र में शनिवार को हुई अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में दो युवकों सहित एक अधेड़ की मौत हो गई। जबकि तीन युवकों का अभी अस्पताल में उपचार जारी है। वहीं दीपावली से एक दिन पहले हुई मौत से तीनों मृतकों के परिवार में कोहराम मचा है।
बरदह थाना के भूलनडीह गांव निवासी फेकू राम 65 शनिवार की शाम बाइक से दवा लेने जा रहा था। अभी वह ज्यूली बाजार पहुंचा ही था कि ट्रैक्टर की चपेट में आ गया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। 108 एंबुलेंस से उसे उपचार के लिए सीएचसी बरदह ले गए, हालत गंभीर देखा डाक्टरों ने रेफर कर दिया। परिवार के लोग जौनपुर स्थित अस्पताल ले गए। जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अधेड़ की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। मृतक की पत्नी पार्वती देवी की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर पंचनामा बना शव परिजनों को सौंप दिया। जबकि ईंट ले जा रहे ट्रैक्टर ट्राली को पुलिस ने कब्जे में ले लिया। इसी क्रम में एक अन्य घटना में बर्रा गांव मोड़ के पास रविवार की देर शाम को बर्रा गांव निवासी विनीत सिंह 35 पुत्र हवलदार ट्रैक्टर से धान लादकर घर जा रहा था। अनियंत्रित होकर नीचे गिर गया और चक्के के नीचे आ गया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिवार के लोग उसे उपचार के लिए अस्पताल ले जा रहे थे कि रास्ते में उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी होने पर पत्नी नीतू और मां संगीता का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक के दो पुत्री एक पुत्र है, तीन भाइयों में बड़ा था। घर पर रह कर खेती-बारी का काम करता था। वहीं एक अन्य घटना में कमालपुर मोड़ के पास बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। जिसमें बर्रा गांव निवासी हिरेंद्र 35 पुत्र शिवामूरत, विकास 27 पुत्र फूलचंद्र और दूसरी बाइक पर सवार जौनपुर जिले के सरायख्वाजा थाना के जमुहाई गांव निवासी मुकेश राजभर 20, राजेश पुत्रगण स्व. राजकुमार घायल हो गए। चारो घायलों को उपचार के लिए सदर अस्पताल जौनपुर ले जाया गया। जहां डाक्टरों ने राजेश को मृत घोषित कर दिया। मृतक राजेश दो भाईयों में बड़ा था। तीन दिन पहले मुंबई से घर दीपावली मनाने आया था। वह मुंबई में रहकर फर्नीचर का काम करता था। घटना की जानकारी होने पर मां सुभावती देवी समेत परिजनों का रो-रो बुरा हाल रहा।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)