उप्र में बरसा कुदरत का कहर, 13 की मौत, 27 झुलसे

Youth India Times
By -
0
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बिजली गिरने से हुई जनहानि पर व्यक्त किया गहरा शोक


लखनऊ। यूपी के कई जिलों में रविवार को हुई बारिश के साथ गिरी आकाशीय बिजली से देवरिया, कुशीनगर, गाजीपुर, गोंडा और अयोध्या में 13 लोगों की मौत हो गई व 27 लोग झुलस गए। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बिजली गिरने से हुई जनहानि पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों को तत्काल अनुमन्य राहत राशि वितरित करने और घायलों के समुचित उपचार कराने के निर्देश दिए हैं। बिजली गिरने से देवरिया और कुशीनगर में सात लोगों की मौत हो गई, जबकि बस्ती की एक किशोरी सहित 11 लोग झुलस गए। मृतकों में चार कुशीनगर और तीन देवरिया के रहने वाले थे। वहीं, महराजगंज में आंधी में पेड़ की डाल गिरने से वृद्ध की मौत हो गई। हादसे शनिवार रात और रविवार को हुए। गाजीपुर में रविवार को कई क्षेत्रों में बारिश के साथ आकाशीय बिजली गिरने से किशोरी, महिला और अधेड़ की मौत हो गई। वहीं एक युवती झुलस गई। उसका प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर भर्ती कराया गया है। कसेरा पोखरा गांव के सिवान में राम बिंद की 14 वर्षीय बेटी अंजली कुमारी घास काट रही थी। अचानक बारिश शुरू हो गई और वह पेड़ की ओट में खड़ी हो गई। अचानक तेज बिजली कड़की और वह जमीन पर गिर गई। इसके बाद लोगों ने उसे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। ?दवहीं, दूसरी ओर क्षेत्र के रोहुणा एवं शाहपुर लठिया गांव में दो लोग वज्रपात की चपेट में आ गए जबकि एक की हालत गंभीर है। रोहुणा गांव निवासी चन्द्रमा पांडेय (55) खेत में सोहनी कर रहे थीं। अचानक गिरी आकाशीय बिजली की चपेट में आ गए। लोगों ने देखा तो उठाकर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। भांवरकोल क्षेत्र के कनुवान गांव में आकाशीय बिजली की चपेट में आने से 55 वर्षीय राधिका की मौत हो गई। गोण्डा के खरगूपुर थाना क्षेत्र केवलपुर छबिसवा गांव में पिता-पुत्र पर आकाशीय बिजली गिर गई। बेटे की मौके पर ही मौत हो गई। पिता अस्पताल में भर्ती हैं। छपिया थानाक्षेत्र में ईंट-भट्ठे पर काम करने वाला मजदूर आकाशीय बिजली की चपेट में आने से गंभीर रूप से झुलस गया। उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। अयोध्या में गोसाईगंज थाना क्षेत्र के रामापुर मजरे यादव पुर में रविवार को गरज चमक के साथ बिजली गिरने से 20 वर्षीय युवक की मौत हो गई। वहीं अम्बेडकरनगर में 13 लोग झुलस गए। इनमें दो की हालत गंभीर है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)