भाजपा में जाने को लेकर कौशांबी में MLA इंद्रजीत सरोज का बड़ा बयान

Youth India Times
By -
0

कौशांबी। कौशांबी में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव व विधायक मंझनपुर इंद्रजीत सरोज ने बड़ा बयान देते हुए भाजपा में जाने की अटकलों को सिरे से खारिज कर दिया है। उनका साफ कहना है कि वह एक विचारधारा वाले व्यक्ति हैं, सामाजिक व राजनैतिक परिवर्तन के आंदोलन से उन्होंने राजनीति की शुरुआत की है। जिस पर आज भी वह कायम हैं। वह सपने में भी भाजपा में नहीं जा सकते। जितना सम्मान उन्हें सपा में मिला है, वह उससे बेहद खुश हैं।
मंझनपुर विधायक एवं पूर्व बसपा की सरकार के दौरान कैबिनेट मिनिस्टर रहे इंद्रजीत सरोज से मीडिया ने दल बदल के अटकलों पर बात की, जिस पर उन्होंने बेबाकी से जवाब दिया। सपा विधायक व राष्ट्रीय महासचिव इंद्रजीत सरोज के मुताबिक, 2017 में उनको जब पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने अपनी पार्टी से निकाल दिया था, तो वह सत्ता विहीन सपा में शामिल हुए थे। यह फैसला उन्होंने सोच समझकर मंथन कर लिया था। जिसके कारण कहीं दूसरी जगह जाने का सवाल ही नहीं पैदा होता। वह न तो समाजवादी पार्टी छोड़ रहे हैं और न ही भाजपा में जा रहे हैं।
सोशल मीडिया व मीडिया में चल रही खबरों पर विधायक इंद्रजीत सरोज ने स्पष्ट कहा कि यह केवल कुछ मीडिया चैनलों का टीआरपी स्टंट है। इसमें कोई सच्चाई नहीं। मीडिया के साथियों को हिदायत देते हुए उन्होंने कहा कि 25 साल से वह राजनीति में हैं। उनकी अपनी प्रतिष्ठा है। जिसे बिना उनके बातचीत के चलाया जाना छवि को धूमिल करना है। ऐसी हरकतों से लोगों को बचना चाहिए।
एमएलए इंद्रजीत सरोज ने स्पष्ट किया कि एक विचारधारा वाले व्यक्ति हैं। सामाजिक परिवर्तन व राजनीतिक परिवर्तन के आंदोलन से उन्होंने अपनी राजनीति की शुरुआत की है। आज भी वह उसी पर कायम हैं। समाजवादी पार्टी सत्ता विहीन पार्टी को उन्होंने इसलिए चुना क्योंकि सपा मुखिया अखिलेश यादव के अंदर कुछ करने की क्षमता है। वह लोगों की हिस्सेदारी भागीदारी देने की क्षमता रखते हैं।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)