यूपी बीजेपी चुनावी मोड में: इस दिन जारी हो सकती है भाजपा के जिलाध्यक्षों की सूची

Youth India Times
By -
0

बैठक में तय हुए नाम
लखनऊ। भाजपा जिलाध्यक्षों की नियुक्ति को लेकर कवायद तेज हो गई है। 31 अगस्त तक सूची जारी हो सकती है। इस मुद्दे पर शनिवार को उप मुख्यमंत्री केशव मौर्य के आवास पर एक महत्वपूर्ण बैठक हुई। इसमें भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र चौधरी, प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल और उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक मौजूद रहे। बैठक में लोकसभा चुनाव को देखते हुए सरकार और संगठन से जुड़े मसलों पर भी चर्चा हुई।
सूत्रों के मुताबिक बैठक में जिलाध्यक्षों के पदों पर आंशिक फेरबदल करने को लेकर सहमति बनी है। हालांकि इस पर अंतिम फैसला रविवार को पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) बीएल संतोष की मौजूदगी में होने वाली बैठक में होने की संभावना है। बैठक में लोकसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर भी चर्चा हुई है। सरकार और संगठन के बीच आपसी समन्वय को और मजबूत करके पार्टी द्वारा चलाए जा रहे अभियानों पर भी चर्चा हुई।
बता दें कि हाल में ही पार्टी ने क्षेत्रीय अध्यक्षों की नियुक्ति की है। तभी से जिलाध्यक्षों के भी बदलने की चर्चा है। जिला स्तरीय संगठन में फेरबदल की संभावना को देखते हुए प्रदेश नेतृत्व पर भारी दबाव भी है। इसके लिए पार्टी कार्यकर्ता अपने-अपने स्तर से जुगाड़ भी लगा रहे हैं।इसके अलावा रविवार को राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष के साथ होने वाली बैठक के मुद्दों पर भी चर्चा हुई। बैठक में घोसी उपचुनाव पर भी मंथन हुआ। इसमें तय किया गया है कि उप मुख्यमंत्री केशव मौर्य की रविवार को और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की दो सितंबर को घोसी में सभा होगी।
भाजपा अपने सोशल मीडिया नेटवर्क को मजबूत करने के लिए प्रदेश में ''शंखनाद अभियान'' शुरू करेगी। पार्टी की ओर से सोशल मीडिया और आईटी विभाग की प्रदेश स्तरीय संयुक्त कार्यशाला का आयोजन रविवार को किया गया है। इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित कार्यशाला में भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) बीएल संतोष, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र चौधरी समेत कई मंत्रियों द्वारा कार्यकर्ताओं को सुझाव दिए जाएंगे। पार्टी के प्रदेश महामंत्री अनूप गुप्ता ने बताया कि कार्यशाला से पहले सभी प्रतिनिधि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मन की बात सुनेंगे। बताया कि पार्टी की ओर से जिला स्तरीय सोशल मीडिया कार्यशाला का भी आयोजन किया जाएगा। इसकी शुरुआत 28 अगस्त से होगी और ये 15 सितंबर तक चलेगी।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)