आजमगढ़: बदरहुंआ में घाघरा ने पार किया लाल निशान

Youth India Times
By -
0
कई रास्तों पर चढ़ा पानी, ग्रामीण पानी के बीच से होकर आवागमन को विवश
आजमगढ़। सगड़ी तहसील के देवरांचल से होकर गुजरने वाली घाघरा नदी के जलस्तर में बढ़ोत्तरी का क्रम निरंतर जारी है। डिघिया नाले पर दो दिन से खतरा निशान के ऊपर बह रही घाघरा का जलस्तर शुक्रवार की सुबह बदरहुंआ गेज पर भी खतरा निशान से ऊपर पहुंच गया। जलस्तर बढ़ने से क्षेत्र के कई रास्तों पर पानी चढ़ आया है। ग्रामीण पानी के बीच से होकर आवागमन करने को विवश हैं। जनपद की उत्तरी सीमा पर स्थित घाघरा नदी विगत पांच दिनों से लगातार बढ़ रही है। विभिन्न बैराजों से नदी में छोड़े जा रहे पानी और पहाड़ों पर हो रही बारिश का परिणाम है कि नदी का जलस्तर बढ़ रहा है। विगत दो दिनों से नदी डिघिया गेज पर खतरा निशान से ऊपर बह रही थी। वहीं शुक्रवार की सुबह नदी का जलस्तर बदरहुंआ गेज पर भी खतरा बिंदू को पार गया है। जलस्तर में बढ़ाव का परिणाम है कि क्षेत्र के कई रास्तों पर पानी भर गया है। जिसके कारण ग्रामीण पानी के बीच से होकर आवागमन करने को विवश हैं। हाजीपुर पुलिया पर भी बाढ़ का पानी चढ़ गया है। महुला गढ़वल बांघ से देवारा खास राजा का झगरहवा का पुरा जाने वाले मार्ग पर बाढ़ का पानी चढ़ गया है। जलस्तर बढ़ने के साथ ही कई क्षेत्रों में कटान भी तेज हो गई है। देवारा खास राजा गांव के चक्की हाजीपुर, फूल बदन का पुरवा, झंडी का पूरवा, समरजीत का पुरवा, दशरथ का पुरवा पानी से घिर गया है। बदरहुंआ नाले का जलस्तर बृहस्पतिवार की शाम चार बजे 71.64 मीटर और डिघिया नाले पर 70.94 मीटर था। शुक्रवार की सुबह आठ बजे बदरहुंआ नाले पर 71.85 मीटर और डिघिया पर 71.09 मीटर हो गया है। बदरहुवा पर नदी का खतरा बिंदु 71.68 मीटर और डिघिया पर 70.40 मीटर है। बदरहुंआ पर नदी खतरा बिंदु से 17 सेमी और डिघिया पर 59 सेंटीमीटर ऊपर बह रही है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)