महिला दरोगा का दर्द : थानाध्यक्ष के खिलाफ डीसीपी के सामने हुई पेश

Youth India Times
By -
0
बताया बढ़ती जा रहीं थानाध्यक्ष की घिनौनी करतूतें
आगरा। ताजनगरी आगरा में लोहामंडी सर्किल के एक थाने के थाना प्रभारी एक बार फिर कठघरे में हैं। पिछली बार अधिकारियों ने महिला दरोगा की शिकायत पर लीपापोती कर दी थी। महिला ने दोबारा डीसीपी सिटी के सामने अपनी पीड़ा बताई। कहा कि थानेदार उसका मानसिक उत्पीड़न कर रहे हैं।
थाना प्रभारी को हाल ही में थाने की जिम्मेदारी मिली है। थाने में पहले से तैनात महिला दरोगा उनके व्यवहार से क्षुब्ध है। उसका आरोप है कि अपनी नौकरी के दौरान उसने ऐसा व्यवहार अन्यत्र नहीं देखा। उत्पीड़न से परेशान महिला दरोगा नौ जुलाई को एसीपी के समक्ष पेश हुई थी।
थाना प्रभारी पर मानसिक उत्पीड़न और अभद्र भाषा में बातचीत के आरोप लगाए थे। मामला लखनऊ तक पहुंचा था। कार्रवाई के जगह लीपापोती कर दी गई। दरोगा ने बताया कि सोमवार दोपहर तीन बजे से मंगलवार सुबह तीन बजे महिला दरोगा की एक धार्मिक आयोजन में ड्यूटी थी। वह ड्यूटी करने गई। मंगलवार सुबह चार बजे उसकी वापसी हुई।
मंगलवार सुबह आठ बजे एक दूसरे थाना क्षेत्र में कलश यात्रा निकलनी थी। एसीपी ऑफिस से ड्यूटी के लिए लिखित आदेश आया था। थाने से दो उप निरीक्षक, चार आरक्षी और दो महिला आरक्षी की ड्यूटी लगाई गई थी। लिखित आदेश में महिला दरोगा के कॉलम में शून्य लिखा था।
आरोप है कि थाना प्रभारी ने परेशान करने की नीयत से पुरुष की जगह महिला दरोगा की कलश यात्रा में ड्यूटी लगाई। महिला दरोगा डीसीपी सिटी सूरज कुमार राय के समक्ष पेश हुई। शिकायत करते समय वह रोई तो महिला सिपाहियों ने उसे चुप कराया।
डीसीपी सिटी सूरज कुमार राय ने बताया कि महिला दरोगा ने शिकायत की है। महिला दरोगा का स्थानांतरण दूसरे थाने में किया जा रहा है। थाना प्रभारी के संबंध में पुलिस आयुक्त को रिपोर्ट प्रस्तुत की जाएगी।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)