तमंचा तानकर लगवाए जय श्रीराम के नारे, गले में भगवा गमछा डाल पीटा

Youth India Times
By -
0
मस्जिद से घर लौट रहा था शहरकाजी का बेटा, मुकदमा दर्ज
बागपत। उत्तर प्रदेश के बागपत जिले में एक बार फिर से माहौल खराब करने की कोशिश की गई है। सवाल उठ रहा है कि आखिर अब कहां गए वो पुलिस अफसर जो हर नागरिक की सुरक्षा का दावा करते हैं। मस्जिद में नमाज अदा कराकर लौट रहे शहर काजी के बेटे को कुछ युवकों ने रोक लिया। इसके बाद उन्होंने शहर काजी के बेटे पर तमंचा तान दिया और उससे जबरन जय श्रीराम के नारे लगवाए। इतना ही नहीं उसके गले में भगवा पट्टा डाल दिया। पीड़ित युवक ने विरोध किया तो उसके साथ मारपीट कर दी गई और जान से मारने की धमकी दे डाली। पुलिस ने इस मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया है। साथ ही दो आरोपियों को भी गिरफ्तार किया है। शहर काजी हबीबुर्रहमान का बेटा मुजीबुर्रहमान शहर की एक मस्जिद में इमाम हैं। वह पुराने कस्बे की एक मस्जिद में नमाज अदा कराकर घर लौट रहा था। मुजीबुर्रहमान ने पुलिस को बताया कि गले में भगवा गमछा डाले तीन युवकों ने उसे रास्ते में रोक लिया और गाली-गलौज करने लगे।
इसके बाद तमंचा तानकर पहले हिंदुस्तान जिंदाबाद और फिर जय श्रीराम के नारे लगाने का दबाव बनाया। उसने जय श्रीराम के नारे लगाने से मना किया तो उसकी पिटाई कर जान से मारने की धमकी दी। उसके गले में गमछा डालकर जबरन जय श्री राम के नारे लगवाने लगे। हंगामा होने पर तीनों युवक धमकी देते हुए भाग गए। वहीं, इस मामले में थाना पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। इसके बाद पीड़ित ने एसपी से शिकायत की। एसपी से शिकायत होने के बाद थाना पुलिस हरकत में आ गई और तीन आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। अभी एक आरोपी फरार है और उसकी तलाश की जा रही है।
बागपत जिले में असामाजिक तत्वों ने कुछ दिन पहले भी माहौल बिगाड़ने का प्रयास का किया था, जिसमें शुगर मिल परिसर में पीर पर भगवा रंग की पुताई कर दी थी। इसमें पुलिस ने 15 आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। पुलिस ने कार्रवाई करने के बजाय पूरा मामला दबाने का प्रयास किया। वहीं, पीड़ित ने एसपी से शिकायत की तो एसपी ने कोतवाली पुलिस को फटकार लगाई। इसके बाद पुलिस हरकत में आई और मुकदमा दर्ज किया।
शहर काजी के बेटे से जय श्रीराम के नारे लगाने के मामले में मुकदमा दर्ज कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। तीसरे आरोपी की तलाश में दबिश दी जा रही है। - मनीष मिश्रा, एएसपी बागपत

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)