युवक को जिंदा जलाया

Youth India Times
By -
0
ग्राम प्रधान पर लगा हत्या का आरोप
सरकारी जमीन पर कब्जे को लेकर था झगड़ा
गोरखपुर। गोरखपुर के चौरी चौरा के देवीपुर गांव में एक युवक की जिंदा जलाकर हत्या कर दी गई। रविवार आधी रात के बाद करीब एक बजे हुई इस वारदात का आरोप ग्राम प्रधान और उसके परिवार पर लग रहा है। मारे गए युवक के चाचा और भाई ने प्रधान पर आरोप लगाया है।
सुरेन्द्र यादव (उम्र 28 वर्ष) की झोपड़ी में किसी ने आग लगा दी जिसमें जलकर सुरेन्द्र की मौत हो गई। घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने रात में ही जांच पड़ताल शुरू कर दी। परिवारीजनों और आसपास के लोगों के बयान के आधार पर पुलिस ने महिला ग्राम प्रधान प्रिया देवी, उसके पति वीरेंद्र, दो भसुर लालबचन और सुरेंद्र पासवान के साथ आरोप लगाने वाले पक्ष से भी पूछताछ की।
गांववालों के मुताबिक तहसील प्रशासन की टीम ने लगभग डेढ़ साल पहले जमीन की पैमाइश की थी। इसमें जल जीवन मिशन के तहत पानी की टंकी के लिए जगह को सुरक्षित किया गया था। ग्राम प्रधान आज ही पानी की टंकी का भूमि पूजन करने वाले थे। उसी जमीन के पास मृतक सुरेंद्र यादव का कब्जा था। जमीन की पैमाइश के दौरान ही लेखपाल से मृतक के चाचा रामजीत यादव आदि का काफी विवाद हो गया था। मारपीट भी हुई थी। सरकारी जमीन पर रामजीत यादव और सुरेंद्र यादव कब्जा था।
इसी को लेकर ग्राम प्रधान और कब्जाधारकों के बीच में विवाद चल रहा था। कुछ लोगों का कहना है कि सुरेन्द की हत्या के पीछे वही विवाद हो सकता है। कई गांववालों ने अधिकारियों से कहा कि ग्राम प्रधान को साजिशन फंसाया जा रहा है। उनका कहना है कि किसी अन्य व्यक्ति ने झोपड़ी में आग लगाई होगी। इल्जाम ग्राम प्रधान पर लगाया जा रहा है। फिलहाल, पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
मृतक सुरेंद्र यादव पहले ट्रक ड्राइवर था। वह अविवाहित था। दुर्घटना में घायल होने से वह दिव्यांग हो गया था। ट्राई साइकिल से चलता था। वह गांव के पास ही सड़क पर प्लास्टिक की पन्नी की झोपड़ी बनाकर उसमें रहता था। रविवार की रात में भोजन करने के बाद वह वहीं सो गया था। रात में अचानक झोपड़ी आग लग गई। इस आग में सुरेन्द्र की जलकर मौत हो गई।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)