दो बहनों ने भाजपा कार्यकर्ता को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा

Youth India Times
By -
0

छेड़खानी का लगाया आरोप, सरे बाजार किया शर्मसार
मुरादाबाद। मुरादाबाद सिविल लाइंस के पीएसी तिराहे पर बुधवार रात दो बहनों ने भाजपा कार्यकर्ता पर छेड़खानी का आरोप लगाकर उसकी पिटाई कर दी। उसे दौड़ा-दौड़ाकर पीटा और उसके कपड़े भी फाड़ दिए। युवक को बचाने आए अन्य लोगों के साथ भी महिलाओं ने मारपीट की। इसी दौरान कई लोगों ने मोबाइल से वीडियो बना लिया। जिससे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया। घटना की जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस और चार लोगों को पकड़ कर थाने ले गई। जिसका शांति भंग में चालान किया गया। उधर, युवती की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ छेड़खानी और मारपीट में केस दर्ज किया है।
सिविल लाइंस क्षेत्र में रहने वाली एक युवती ने बताया कि बुधवार शाम करीब छह बजे वह अपनी बहन के घर गई थी। रात करीब 10 बजे लौटते वक्त बहन भी उसके साथ थी। पीएसी तिराहे के पास दोनों बहनों को देखकर अंडे के ठेले पर शराब पी रहे युवकों ने अश्लील फब्तियां कसीं। युवती ने विरोध किया तो युवकों ने उनके साथ मारपीट की। हंगामा होने पर मौके पर काफी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई और वहां से भाजपा कार्यकर्ता अनुज यादव, वार्ड सात की पार्षद पंकज शर्मा के बेटे अनुज शर्मा, क्लक्ट्रेट कर्मचारी नंदन नेगी और सुमित को पकड़कर थाने ले गई।
इसी बीच सोशल मीडिया पर घटना का एक वीडियो वायरल हुआ। जिसमें छेड़खानी का आरोप लगा रही युवती और उसकी बहन अनुज यादव की पिटाई करती दिख रही हैं। अनुज के कपड़े तक फाड़ दिए थे। वो अपनी जान बचाने का प्रयास करता दिख रहा है लेकिन महिलाएं उसका पीछा नहीं छोड़ रही थीं। इसके अलावा पुलिस ने आस पड़ोस और ठेला लगाने वाले प्रमोद कुमार से पूछताछ की। तब पता चला कि एक युवक खोखे पर गुटखा लेने आया था। उसने गुटखा लेने के बाद रुपये नहीं दिए। खोखा चलाने वाले युवक ने रुपये मांगे तो युवक ने चाकू निकालकर उसे डरा दिया था। इसी बीच युवकों ने उसे पकड़ कर चाकू छीन लिया और उसे वहां से भाग दिया था। युवकों ने चाकू पुलिस को सौंप दिया था। रात 10 बजे युवक दोबारा वहां पहुंचा और उसने बंद खोखे पर पत्थर मारने शुरू कर दिए थे। इसी दौरान दोनों महिलाएं आ गई थीं। अनुज यादव ने युवक को पत्थर मारने से रोकने का प्रयास किया तो दोनों महिलाएं अनुज के साथ मारपीट करने लगी थीं। सीओ सिविल लाइंस अर्पित कपूर ने बताया कि पीड़ित युवती की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ छेड़खानी और मारपीट में केस दर्ज किया गया है जबकि मौके से पकड़े गए चारों युवकों को शांति भंग में चालान किया गया है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)