मऊ : निर्माणाधीन खेल के मैदान का जिलाधिकारी ने किया निरीक्षण

Youth India Times
By -
0

शासन के मंशानुरूप गांवो में खेल के मैदान का कराया जा रहा है निर्माण
रिपोर्ट-संजीव राय
मऊ। आज जिलाधिकारी श्री अरुण कुमार द्वारा विकासखंड घोसी के ग्राम हाजीपुर में निर्माणाधीन खेल के मैदान का निरीक्षण किया गया।
इस खेल के मैदान का निर्माण कार्य अपने अंतिम चरण में है। यहां पर ओपन जिम के अलावा योगा स्थल, बैडमिंटन कोर्ट, बाउंड्री वॉल के किनारे किनारे इंटरलॉकिंग कार्य के साथ ही अन्य खेलों के लिए खुले मैदान की भी व्यवस्था है। इस खेल के मैदान में सौर ऊर्जा से संचालित प्रकाश की भी व्यवस्था है। जनपद के गांवों में खेल के मैदान के निर्माण हेतु जिला प्रशासन द्वारा कुल 32 गांवो में खेल के मैदान का निर्माण कराया जा रहा है,जिनमें 9 खेल के मैदान पूरी तरह तैयार हो चुके हैं। 9 गांव में खेल के मैदान अपने निर्माण के अंतिम चरण में है। शेष अन्य पर भी तेजी से कार्य कराया जा रहा है। जिला प्रशासन की मंशा है कि प्रत्येक न्याय पंचायत में कम से कम एक खेल के मैदान का निर्माण कराया जाए। इस कार्य हेतु जिलाधिकारी श्री अरुण कुमार के नेतृत्व एवम् मार्गदर्शन में नियमित समीक्षा बैठकें कर संबंधित अधिकारियों को दिशा निर्देश जारी किए जा रहे हैं। जिला प्रशासन द्वारा इस संबंध में किए जा रहे प्रयासों से यह कार्य शीघ्र ही पूर्ण होने की संभावना भी है। इस दौरान जिलाधिकारी ने पौधारोपण का कार्य भी किया। उन्होंने निर्मित योगा स्थल एवं इंटरलॉकिंग कार्य की गुणवत्ता की जांच भी की। इसके अलावा निर्माणाधीन शौचालय में प्रयुक्त होने वाली निर्माण सामग्री की गुणवत्ता का ध्यान रखने के भी निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने डीसी मनरेगा एवं खंड विकास अधिकारी घोसी को विकासखंड के अन्य गांवो में भी स्थानों का चिन्हीकरण कर खेल के मैदान के निर्माण के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक श्री अविनाश पांडे भी साथ थे। उन्होंने भी खेल परिसर के अंदर पौधारोपण कार्य किया। इस दौरान डीसी मनरेगा उपेंद्र पाठक, खंड विकास अधिकारी घोसी, तहसीलदार घोसी सहित अन्य संबंधित अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित थे।

Tags:

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)