घर पर लगाया पाकिस्तान का झंडा, एक गिरफ्तार

Youth India Times
By -
0

कुशीनगर। यूपी के कुशीनगर जिले में दो मंजिला मकान पर पाकिस्तान का झंडा फहराए जाने का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार मामला एक दिन पुराना है। तरयासुजान थाना क्षेत्र के बेदुपार मुस्तकीम में एक किशोर ने अपने अर्धनिर्मित मकान की छत पर पाकिस्तानी झंडा लगा दिया। कुछ ही देर में झंडा लगाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। जानकारी होने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई और झंडा उतरवा दिया। किशोर को थाने ले जाकर पूछताछ की और फिर उसे छोड़ दिया। देर शाम को पाकिस्तानी झंडा जानबूझकर तैयार कराने के आरोप में किशोर के ताऊ के बालिग बेटे सलमान को गिरफ्तार कर लिया गया। उसके खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। किशोर जिस समय पाकिस्तानी झंडा अपने मकान पर लगा रहा था, उस समय किसी ने उसका वीडियो और फोटो बना लिया था। कुछ ही देर बाद किसी ने मामले की जानकारी स्थानीय थाने को दे दी। पुलिस की पूछताछ में किशोर ने बताया कि उसकी बुआ ने किसी मजार पर चढ़ाने के लिए झंडा खुद सिला था। किशोर ने इसी झंडे को नासमझी में छत पर लगा दिया। पुलिस ने किशोर को थाने से छोड़ तो दिया मगर यह जानने में जुटी रही की आखिर पाकिस्तान का झंडा क्यों सिला गया। देर शाम को यह स्पष्ट हुआ कि बुआ को यह झंडा सिलने का आइडिया और तरीका उसके ताऊ के बेटे सलमान ने बताया था। पुलिस ने सलमान को गिरफ्तार कर लिया। एसपी धवल जायसवाल का कहना है कि किशोर को कुछ मालूम नहीं था। घर में वह झंडा उसके ताऊ के बेटे सलमान ने तैयार कराया था। वह बालिग है और ठीक से जानता है कि झंडा किस देश से जुड़ा है। उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)