आजमगढ़: मतस्य पालक की हत्या कर पोखरे में शव फेंक हत्यारे फरार

Youth India Times
By -
0

हमलावरों के चंगुल से भाग जान बचाने में सफल रही पत्नी
रिपोर्ट-वेद प्रकाश सिंह ‘लल्ला’
आजमगढ़। गंभीरपुर थाना क्षेत्र के असाउर टीकर गांव में रविवार की रात मछली पालन किए गए पोखरे की निगरानी कर रहे दंपति पर आधा दर्जन की संख्या में आए हमलावरों ने धावा बोल दिया। हमलावरों के चंगुल से जान बचाकर मौके से भागी पत्नी गांव में पहुंचकर लोगों को घटना की जानकारी दी। उधर हमलावर मत्स्य पालक की हत्या कर शव को पोखरे में फेंक भाग निकले। रात में किसी तरह शव को पोखरे से बरामद कर लिया गया। इस मामले में घटना की प्रत्यक्षदर्शी रही मृतक की पत्नी ने तीन नामजद व चार अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस हत्यारों की तलाश में जुट गई है।
असाउर टीकर ग्राम निवासी 50 वर्षीय रामअवतार सरोज पुत्र टिल्ठू परिवार के भरण पोषण के लिए मुर्गे का व्यवसाय करता था। कुछ सालों से ग्राम समाज का पोखरा मत्स्य पालन के लिए उसे आवंटित किया गया था। जिसको लेकर गांव के ही कुछ लोगों से उसका विवाद चल रहा था। रामअवतार पोखरे में मछली पालन किया हुआ था। पोखरे की निगरानी के लिए वह प्रतिदिन अपनी पत्नी के साथ पोखरे पर ही मंडई में सोता था। रविवार की रात रोज की भांति वह अपनी पत्नी अनरमा देवी के साथ मंडई में सोया था। देर रात करीब 12 बजे 6-7 की संख्या में आए लोगों ने पति-पत्नी पर हमला बोल दिया। इसी तरह रामअवतार की पत्नी हमलावरों के चंगुल से छूट कर मौके से भाग निकली और गांव में जाकर लोगों को घटना की जानकारी दी। उधर हमलावर रामअवतार की हत्या कर शव को पोखरे में फेंककर फरार हो गए। घटना की जानकारी के बाद गांव के लोग मौके पर जुटे और रामअवतार की तलाश पोखरे में की जाने लगी। काफी देर बाद उसे मृत हालत में पोखरे से बाहर निकाला गया। घटना की सूचना पाकर मुकामी पुलिस मौके पर पहुंच गई शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। घटना के संबंध में मृतक की पत्नी अनरमा देवी की तहरीर पर पुलिस ने तीन नामजद व चार अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पांच भाइयों में सबसे बड़े रहे मृतक रामअवतार की छह पुत्री व तीन पुत्र बताए गए हैं।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)