भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह ने दिया इस्तीफा

Youth India Times
By -
0

नये प्रदेश अध्यक्ष को लेकर हलचल तेज, केशव का नाम भी तेजी से चर्चाओं में
लखनऊ। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष
स्वतंत्रदेव सिंह ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। वे प्रदेश सरकार में जलशक्ति मंत्री भी हैं। माना जा रहा है कि यह इस्तीफा उन्होंने मंगलवार को ही दिल्ली में भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा से मिलकर दिया था। हालांकि पार्टी में आधिकारिक रूप से किसी ने इसकी पुष्टि नहीं की। इसी के साथ भाजपा में नये प्रदेश अध्यक्ष की ताजपोशी जल्द होने को लेकर हलचल तेज हो गई है।
प्रदेश में नई सरकार गठन के बाद से ही नये अध्यक्ष को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म होने लगा था। स्वतंत्रदेव सिंह के योगी सरकार में मंत्री बन जाने के कारण यह चर्चाएं तेज थीं। हालांकि अध्यक्ष के रूप में भी उन्होंने अपना तीन साल का कार्यकाल गत 16 जुलाई को पूरा कर लिया था। मंत्री बनने के बाद से संगठन से ज्यादा विभागीय दौरों और बैठकों में ही उनकी व्यस्तता देखने को मिल रही थी। माना जा रहा है कि नये अध्यक्ष की घोषणा तक कार्यवाहक अध्यक्ष के रूप में वे काम करते रहेंगे। पार्टी के 29 से 31 जुलाई के बीच होने वाले प्रशिक्षण वर्ग के बाद नये अध्यक्ष का ऐलान हो सकता है।
उधर, अध्यक्ष पद की दौड़ में पहले से ही पार्टी के दर्जनभर से अधिक चेहरे शामिल थे। बीते एक सप्ताह से उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य का नाम भी बहुत तेजी से इस फेहरिस्त में शामिल हुआ है। दिल्ली में उनकी प्रधानमंत्री सहित अन्य शीर्ष नेताओं से उनकी हालिया मुलाकात के बाद चर्चाओं का बाजार गर्म है। इसके अलावा पूर्व डिप्टी सीएम डा. दिनेश शर्मा, केंद्रीय मंत्री बीएल वर्मा, कैबिनेट मंत्री भूपेंद्र चौधरी, सांसद सुब्रत पाठक, रामशंकर कठेरिया, दिनेश उपाध्याय, ब्रज बहादुर, विनोद सोनकर सहित कई अन्य नाम भी इस दौड़ में शामिल बताए जा रहे हैं।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)