तीन साहसी युवतियों ने चार युवकों को डूबने से बचाया, VIDEO वायरल

Youth India Times
By -
0


आगरा। डौकी क्षेत्र की तीन साहसी युवतियों ने गुरुवार को चार युवकों की जान बचाई। चारों युवक गांव महल बादशाही के पास यमुना में नहाने गए थे। गहरे पानी में चले गए। डूबने लगे। यमुना किनारे मौजूद युवतियां उनकी मदद के लिए नदी में कूद पड़ीं। युवतियों की मदद को कुछ ग्रामीण भी आ गए। एक-एक करके युवतियों ने चारों को बचा लिया। युवतियों के साहस की चर्चा सोशल मीडिया पर छाई हुई है। पुलिस भी अब उनके बारे में पता लगा रही है।
घटना सुबह करीब 10 बजे की है। ताजगंज के गांव बुढ़ाना निवासी चार दोस्त गंगा दशहरा पर यमुना स्नान के लिए गए थे। डौकी के गांव महल बादशाही में कोई घाट नहीं है। ग्रामीण भी यमुना किनारे मौजूद थे। चारों युवक यमुना में उतर गए। किनारे पर पानी कम था। वे धीरे-धीरे आगे बढ़ गए। डूबने लगे। किनारे पर मौजूद आशा, मिथलेश और रश्मि ने साहस दिखाया।
नदी में छलांग लगा दी। तीन युवकों को जल्द बाहर निकल लिया। एक युवक नदी के बीच में पहुंच गया था। वह डूब गया था। लेकिन युवतियां उसे भी बचाकर बाहर निकाल लाईं। किनारे लाकर उसे उल्टा किया। पीठ दबाकर पेट में भरा पानी बाहर निकाला। युवक को कुछ देर बाद होश आया।
घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। किसी ने ट्वीट भी किया। युवतियों की मदद को कुछ ग्रामीण भी आ गए थे। वे भी वीडियो में दिख रहे हैं। वीडियो में आवाज सुनाई पड़ रही है। जिस दौरान युवतियों ने चौथे युवक को बचाया। वह डूब गया था। वीडियो बनाने वाले के पास कोई ग्रामीण खड़ा था।
वह बोल रहा था कि इसका मुंह ऊपर कर ले। मुंह पानी में था। एसओ डौकी बहादुर सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी सोशल मीडिया से हुई। युवतियों के बारे में पता लगाया जा रहा है। उन्हें अधिकारियों से प्रशस्ति पत्र दिलाया जाएगा।
गांव महल बादशाही में यह घटना चर्चा का विषय बनी हुई है। एक ग्रामीण ने बताया कि डूबने वाले युवकों के नाम नहीं पता हैं। उनके परिजनों को सूचना दी थी। वे आए थे और सभी को ले गए। युवकों के घरवालों ने साहसी युवतियों को धन्यवाद भी दिया था। युवतियों को अपनी बहादुरी का अहसास नहीं था। शुक्रवार को वीडियो वायरल होने के बाद कुछ लोगों ने उनसे संपर्क किया। 

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)