आज़मगढ़ : आज आजमगढ़ को मिलेगा अपना सांसद

Youth India Times
By -
0

सुबह आठ बजे से 14 टेबल पर चक्रवार करीब 32 से 35 राउंड तक चलेगी मतगणना
आजमगढ़। सदर लोकसभा क्षेत्र को आज अपना नया सांसद मिल जाएगा। हालांकि चुनाव में 13 प्रत्याशी खड़े हैं, लेकिन मुख्य मुकाबला भाजपा के दिनेश लाल निरहुआ, सपा के धर्मेद्र यादव और बसपा के शाह आलम गुड्डू जमाली के बीच रहा है।
लोकसभा उपचुनाव के लिए मतदान 23 जून को हुआ था, जिसमें लोकसभा क्षेत्र के नौ लाख आठ हजार 623 मतदाताओं ने मतदान में हिस्सा लिया। इसमें चार लाख 66 हजार 23 पुरुष मतदाता और चार लाख 42 हजार 600 महिला मतदाता रहीं। मतदान के बाद सभी ईवीएम को एफसीआई गोदाम बेलइसा में कड़ी सुरक्षा में रखा गया है। मतगणना के लिए जिला प्रशासन ने सारी तैयारियां पूरी कर ली हैं। शनिवार को डीएम और एसपी ने मतगणना स्थल का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा भी लिया।
एडीएम प्रशासन और उपजिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि लोकसभा उपचुनाव की पूरी मतगणना सुबह आठ बजे से 14 टेबल पर चक्रवार होगी। करीब 32 से 35 राउंड तक मतगणना चलेगी। अनुमान है कि दोपहर दो बजे तक मतगणना का परिणाम आ जाएगा। आजमगढ़ लोकसभा क्षेत्र में पांच विधानसभा क्षेत्र गोपालपुर, सगड़ी, आजमगढ़, मुबारकपुर और मेंहनगर आते हैं। इनमें से मेंहनगर में सबसे अधिक 35 चक्र की मतगणना के बाद परिणामों की घोषणा होगी। शेेष विधानसभाओं में 32 राउंड तक मतगणना पूरी हो जाएगी। तीन सुरक्षा चक्र बनाए गए हैं। इनको पार करने के बाद ही कोई मतगणना स्थल तक पहुंच सकेगा। किसी को भी मोबाइल के साथ अंदर प्रवेश करने की अनुमति नहीं होगी।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)