आजमगढ़: सड़क हादसे में अर्जुन की मौत, कृष्णा घायल

Youth India Times
By -
0

रिपोर्ट-वेद प्रकाश सिंह ‘लल्ला’
आजमगढ़। ईश्वर की नियति को कोई टाल नहीं सकता। कुछ ऐसा ही गुरुवार की रात सिधारी थाना अंतर्गत हलुवाडिह ग्राम स्थित पेट्रोल पंप के समीप देखने को मिला। पिता के साथ बाइक में पेट्रोल भराने जा रहे बेटे ने अपने मित्र को भी साथ ले लिया। रास्ते में हुई दुर्घटना में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। इलाज के लिए उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सक ने अर्जुन नामक युवक को मृत घोषित कर दिया। जबकि गंभीर रूप से घायल दोस्त कृष्णा को हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया गया।
सिधारी थाना क्षेत्र के शाहबाजपुर ग्राम निवासी सुरेंद्र यादव गुरुवार की रात करीब 10 बजे अपने युवा पुत्र अर्जुन के साथ बाइक में पेट्रोल लेने नजदीकी पेट्रोल पंप पर जा रहे थे। गांव से निकलते वक्त अर्जुन अपने हमउम्र मित्र प्रधान पुत्र कृष्णा को भी साथ ले लिया। तीनों लोग हलुवाडिह पेट्रोल पंप से पहले रुके और सड़क किनारे बाइक खड़ी कर सुरेंद्र यादव लघुशंका के लिए चले गए। दोनों मित्र बाइक के पास खड़े थे। इसी दौरान बारातियों से भरी तेज रफ्तार बोलेरो ने सड़क किनारे खड़े दोनों युवकों व बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। इस दुर्घटना में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना होते देख स्थानीय लोग शोर मचाते हुए मौके पर पहुंचे। हमले के भय से बोलेरो सवार लोग वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए। पुलिस की मदद से दोनों घायलों को उपचार के लिए सिधारी स्थित निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां सुरेंद्र के पुत्र अर्जुन को मृत घोषित कर दिया गया। जबकि कृष्णा की हालत गंभीर देख उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। पुलिस ने हादसे के लिए जिम्मेदार बोलेरो वाहन को कब्जे में ले लिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)