आजमगढ़: जिलाबदर अपराधी व गैंगस्टर समेत तीन गिरफ्तार
By -Youth India Times
Friday, June 17, 2022
0
रिपोर्ट-वेद प्रकाश सिंह ‘लल्ला’ आजमगढ़। लोकसभा उपचुनाव के दृष्टिगत अपराधी प्रवृत्ति लोगों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के क्रम में पुलिस ने शुक्रवार को जिला बदर घोषित अपराधी के साथ ही गैंगस्टर एक्ट के मामले में वांछित दो सगे भाइयों को गिरफ्तार किया है। कंधरापुर पुलिस को शुक्रवार की सुबह सूचना मिली की जिला प्रशासन द्वारा जिलाबदर घोषित किया गया अनिल यादव पुत्र लिल्लू क्षेत्र के मुजफ्फरपुर गांव स्थित अपने घर पर चोरी-छिपे रह रहा है। इस सूचना के बाद सक्रिय हुई पुलिस ने सुबह करीब 8 बजे मुजफ्फरपुर गांव में दबिश देकर जिलाबदर किए गए अनिल यादव को गिरफ्तार कर लिया। इसी क्रम में बरदह थाने की पुलिस ने शुक्रवार की सुबह क्षेत्र की इशहाकपुर गांव में दबिश देकर गैंगस्टर एक्ट के मामले में वांछित आद्या राजभर व रति लाल राजभर पुत्रगण सतिराम को उनके घर दबिश देकर गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार किए गए दोनों सगे भाइयों पर मारपीट व हत्या जैसे संगीन मामले पंजीकृत बताए गए हैं।