9 जिलों के डीएम सहित 21 आईएएस अधिकारियों का तबादला

Youth India Times
By -
0


लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार की शाम को लखनऊ समेत 9 जिलों के डीएम बदल दिए हैं। योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार की देर शाम को उत्तर प्रदेश में 21 आईएएस अधिकारियों का तबादला किया है। जिसमें गाजियाबाद के जिलाधिकारी, कानपुर नगर की जिलाधिकारी, उत्तर प्रदेश बेसिक शिक्षा विभाग की सचिव और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विशेष सचिव का भी तबादला किया गया है।
उत्तर प्रदेश सरकार ने फिरोजाबाद के जिलाधिकारी सूर्यपाल गंगवार का तबादला करके लखनऊ का जिलाधिकारी नियुक्त किया है। अलीगढ़ की जिलाधिकारी सेल्वा कुमारी जे का पिछले दिनों प्रमोशन हुआ है। अब उन्हें बरेली की मंडलायुक्त बनाकर भेजा गया है। बस्ती की जिलाधिकारी सौम्या अग्रवाल को बलिया की जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है। बलिया के जिलाधिकारी इंद्र विक्रम सिंह को अलीगढ़ का डीएम बनाया गया है। जालौन की डीएम प्रियंका निरंजन इसी पद पर बस्ती भेजी गई हैं। इटावा की डीएम श्रुति सिंह को चिकित्सा शिक्षा विभाग में सचिव और महानिदेशक की जिम्मेदारी सौंपी गई है। कानपुर नगर की जिलाधिकारी नेहा शर्मा का स्थानांतरण नगर विकास विभाग में कर दिया गया है। उन्हें स्थानीय निकायों का निदेशक नियुक्त किया गया है।
गाजियाबाद विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष कृष्णा करुणेश को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई हैं। उन्हें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गृह जनपद गोरखपुर का जिलाधिकारी बनाकर भेजा गया है। गोरखपुर के जिलाधिकारी विजय किरन आनंद का तबादला बेसिक शिक्षा विभाग में कर दिया गया है। उन्हें विशेष सचिव के अतिरिक्त स्कूली शिक्षा का प्रभारी महानिदेशक नियुक्त किया गया है। वह सर्व शिक्षा अभियान के परियोजना निदेशक और मध्याह्न भोजन प्राधिकरण के निदेशक भी रहेंगे। विजय किरन आनंद को प्रयागराज कुंभ मेला का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है। विजय किरन को तेजतर्रार आईएएस अफसर माना जाता है। उन्हें मुख्यमंत्री कार्यालय खासा पसंद करता है।
बेसिक शिक्षा विभाग की सचिव अनामिका सिंह का तबादला महिला कल्याण तथा बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग में बतौर सचिव कर दिया गया है। लखनऊ के जिलाधिकारी अभिषेक प्रकाश को अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास विभाग में सचिव नियुक्त किया गया है। इसी महकमे में महत्वपूर्ण विभाग यूपी इन्वेस्ट का मुख्य कार्यपालक अधिकारी भी नियुक्त किया गया है। आपको बता दें कि पिछले दिनों यूपी इन्वेस्ट की मुख्य कार्यपालक अधिकारी नीना शर्मा का तबादला कर दिया गया था। तब से यह पोस्ट खाली थी। अभिषेक प्रकाश की गिनती अच्छा काम करने वाले अफसरों में होती है। जिस तरह मुख्यमंत्री राज्य में औद्योगिक विकास को रफ्तार दे रहे हैं, ऐसे में यह जिम्मेदारी महत्वपूर्ण है।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विशेष सचिव विशाख जी को कानपुर का जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है।
ऊर्जा एवं अतिरिक्त ऊर्जा स्रोत विभाग में विशेष सचिव भवानी सिंह खगारोत को मध्यांचल विद्युत वितरण निगम का प्रबंध निदेशक बनाकर भेजा गया है। इस वक्त भीषण गर्मी पड़ रही है और उत्तर प्रदेश में पावर मैनेजमेंट के लिहाज से यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। जौनपुर के मुख्य विकास अधिकारी अनुपम शुक्ला को ऊर्जा तथा अतिरिक्त ऊर्जा स्रोत विभाग में विशेष सचिव नियुक्त किया गया है। महाराजगंज के ज्वाइंट मजिस्ट्रेट सीलम सई तेजा को जौनपुर का मुख्य विकास अधिकारी नियुक्त किया गया है। सीलम उत्तर प्रदेश कैडर में नए आईएएस अफसर हैं। प्रतीक्षारत आईएएस अधिकारी चांदनी सिंह को जालौन की डीएम नियुक्त किया गया है। झांसी के नगर आयुक्त मनीष कुमार राय इटावा के डीएम बना कर भेजे गए हैं। प्रयागराज के नगर आयुक्त रवि रंजन फिरोजाबाद के डीएम बनाए गए हैं।
नगर विकास विभाग में स्थानीय निकाय की निदेशक शकुंतला गौतम को राज्य का श्रम आयुक्त नियुक्त किया गया है। बरेली के मंडलायुक्त आर रमेश कुमार को रेशम विभाग का प्रमुख सचिव बनाया गया है। गाजियाबाद के जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह द्वितीय की जिम्मेदारी बढ़ गई है। उन्हें गाजियाबाद विकास प्राधिकरण में उपाध्यक्ष की अतिरिक्त जिम्मेदारी सौंपी गई है। दरअसल, गाजियाबाद विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष कृष्णा करुणेश को गोरखपुर का डीएम बना कर भेज दिया गया है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)